

Nepal Cholera Outbreak: नेपाल (Nepal) ने राजधानी में हैजा के प्रसार को रोकने की कवायद के तहत काठमांडू घाटी में रेहड़ी-पटरी पर खाने-पीने का सामान (Street food) बेचने पर बैन लगा दिया है. काठमांडू मेट्रोपोलिटन सिटी (KMC) द्वारा स्ट्रीट फूड की बिक्री पर प्रतिबंध का फैसला तब लिया गया है, जब इलाके में रविवार के बाद से अब तक हैजा के 12 मरीज सामने आए हैं.
शहर में स्ट्रीट फूड्स बेचने पर बैन
महानगर के स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख बलराज त्रिपाठी ने कहा, ‘काठमांडू में हैजा के मरीजों की संख्या बढ़ने पर कुछ समय के लिए खाद्य पदार्थ की बिक्री और वितरण पर रोक लगा दी गयी है.’ केएमसी ने आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की भी चेतावनी दी है.
ललितपुर में पानी-पूरी बेचने पर लगा बैन
बीते सप्ताह ललितपुर मेट्रोपोलिटन सिटी ने महानगर में पानी पूरी की बिक्री और वितरण पर रोक लगाने का फैसला किया था और उसने दावा किया कि पानी पूरी में इस्तेमाल होने वाले पानी में हैजे का बैक्टीरिया पाया गया है.
स्वच्छता का ध्यान रखने की अपील
केएमसी ने फूड कंट्रोल से शहरभर के होटलों और रेस्तरां में भोजन संबंधी स्वच्छता की जांच करने का भी अनुरोध किया है. त्रिपाठी ने कहा कि ‘काठमांडू उपात्यक खानेपानी लिमिटेड’ से पानी की पाइपलाइन और सीवर व्यवस्था की स्थिति पर नजर रखने का अनुरोध किया गया है. केएमसी ने शहरी स्वास्थ्य केंद्रों को ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्ट और पानी को शुद्ध करने वाली गोलियों की किसी भी संभावित कमी से निपटने के लिए तैयार रहने का भी निर्देश दिया है.
गंदे पानी के जरिए फैलता है हैजा
बता दें कि हैजा एक जीवाणु रोग है जो आमतौर पर दूषित जल के जरिए फैलता है. इस बीमारी से गंभीर डायरिया और डी-हाइड्रेशन होता है. सही वक्त पर इलाज न मिलने पर ये कुछ घंटों के भीतर ही जानलेवा भी साबित हो सकता है.
(इनपुट- भाषा)
LIVE TV

