
नई दिल्ली: पूर्व भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज पार्थिव पटेल (Parthiv Patel) ने कहा है कि विराट कोहली (Virat Kohli) ने बतौर कप्तान अब तक कोई भी आईसीसी टूर्नामेंट खिताब नहीं जीता है और अब उनके पास विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (World Test Championship) फाइनल को जीतकर इस खिताबी सूखे को खत्म करने का मौका है. भारत को साउथम्पटन में 18 से 22 जून तक न्यूजीलैंड के साथ डब्ल्यूटीसी का फाइनल खेलना है.
पार्थिव पटेल ने विराट कोहली पर किया कमेंट
पार्थिव पटेल (Parthiv Patel) ने एक टीवी शो में कहा, ‘यह क्रिकेट का सबसे बेस्ट फॉर्मेट है. हर कोई टेस्ट खिलाड़ी बनना चाहता है और अब यहां टेस्ट चैंपियनशिप का विश्व कप है’.
उन्होंने कहा, ‘विराट कोहली के पास अब मौका है कि वह बतौर कप्तान अपना पहला आईसीसी खिताब जीते. उन्होंने कई आईसीसी टूर्नामेंट्स में भारत का नेतृत्व किया है, लेकिन यह सबसे बड़ा है. अगर भारत उनकी कप्तानी में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप जीतती है तो यह कोहली के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि होगी’.
बता दें कि कोहली 2017 के आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी और 2019 में 50 ओवरों के विश्व कप में भारत की कप्तानी कर चुके हैं. भारत को चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में पाकिस्तान से 180 रन से जबकि विश्व कप 2019 के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड से 18 रन से हार का सामना करना पड़ा था.
18 जून से शुरू होगा घमासान
न्यूजीलैंड के खिलाफ विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल 18 जून को साउथम्पटन में खेला जाएगा जबकि इंग्लैंड के खिलाफ श्रृंखला चार अगस्त से नॉटिंघम में शुरू होगी. दूसरा टेस्ट 12 से 16 अगस्त को लॉडर्स पर, तीसरा 25 से 29 अगस्त को लीड्स में, चौथा दो से छह सितंबर को ओवल पर और पांचवां 10 से 14 सितंबर को मैनचेस्टर में खेला जाएगा.
