Raipur T20I Pitch Report: इन दिनों भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज की धूम है. 5 मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला 23 जनवरी यानी आज रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मैच के लिए टॉस शाम 6:30 बजे होगा, जबकि लाइव एक्शन 7 बजे से शुरू होगा. भारत ने पहले मैच में 48 रनों से जीत दर्ज कर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है. पहले मुकाबले में जीत के हीरो अभिषेक शर्मा थे, जिन्होंने 35 गेंदों पर 8 छक्के और 5 चौकों की मदद से 84 रनों की विस्फोटक पारी खेली थी. उस मैच में भारत ने 238 रन बनाए थे और न्यूजीलैंड भी 190 तक पहुंच गई थी. मतलब साफ है कि नागपुर में रनों की बारिश हुई थी. अब सवाल ये है कि क्या रायपुर में भी रनों की सुनामी आएगी या फिर गेंदबाजों का जलवा देखने को मिलेगा. आइए जानते हैं पिच रिपोर्ट क्या कह रही है.
रायपुर की पिच रिपोर्ट कैसी है?
रायपुर के मैदान शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम पर ज्यादा इंटरनेशनल मैच नहीं खेले गए हैं. इस मैदान का इतिहास बताता है कि यहां रनों की बारिश होती है. पिच सपाट रहती है, जिससे चौके-छक्के लगते हैं. गेंदबाजों को ज्यादा मदद नहीं मिलती और विकेट निकालने के लिए उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ती है. इसके लिए गेंदबाजों को वेरिएशन ट्राई करने होंगे.
जो भी टीम टॉस जीतेगी, वह पहले गेंदबाजी करना पसंद करेगी, क्योंकि दूसरी पारी में ओस आने की पूरी संभावना है, जिससे रन बनाना और आसान हो जाता है. कुल मिलाकर गेंदबाजों की हालत खराब हो सकती है और इस मैदान पर एक बड़ा स्कोर देखने को मिल सकता है.
रायपुर में कैसा है टीम इंडिया का रिकॉर्ड?
रायपुर स्टेडियम में टीम इंडिया ने सिर्फ एक ही टी20 मैच खेला है, जो 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुआ था. उस मुकाबले में भारत ने 174 रन बनाए थे और कंगारू टीम को 154 रनों पर रोककर जीत हासिल की थी. उस मैच में भारतीय बल्लेबाजों ने 7 जबकि ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने 5 छक्के लगाए थे.यह वही मैदान है, जहां दिसंबर 2025 में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच वनडे मैच खेला गया था, जिसमें भारत ने 358 रन बनाए थे और साउथ अफ्रीका ने इतना बड़ा लक्ष्य हासिल कर लिया था.
कितनी बड़ी होगी बाउंड्री?
रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम का मैदान काफी बड़ा है. यहां लगभग 75 यार्ड की बाउंड्री रहेगी. यानी यह मैदान विशाखापट्टनम और तिरुवनंतपुरम जैसे स्टेडियम से बड़ा है, जहां बाउंड्री आमतौर पर 70 यार्ड तक ही रहती है. आउटफील्ड भी काफी तेज है. अगर बल्ले से गेंद निकल गई, तो वह तेजी से बाउंड्री तक पहुंच जाएगी. बड़ी बाउंड्री होने की वजह से सिंगल को डबल में बदलने का भी अच्छा मौका मिलेगा.
कैसा रहेगा रायपुर का मौसम?
मैच में किसी रुकावट की संभावना नहीं है, क्योंकि रायपुर का मौसम पूरी तरह साफ रहने वाला है. आज न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. हवाएं 6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी. शाम के समय ठंडक बढ़ेगी. बारिश की कोई संभावना नहीं है.
भारतीय टीम इस प्रकार है
संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), श्रेयस अय्यर, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, ईशान किशन, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, रवि बिश्नोई, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह.
न्यूजीलैंड टीम इस प्रकार है
टिम रॉबिन्सन, डेवोन कॉनवे (विकेटकीपर), रचिन रवींद्र, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, जेम्स नीशम, ग्लेन फिलिप्स, माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सेंटनर (कप्तान), काइल जैमीसन, ईश सोढ़ी, जैकब डफी, मैट हेनरी, बेवॉन जैकब्स, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकरी फोल्क्स.
ये भी पढ़ें: ‘वो एक जादूगर है, इसमें कोई शक नहीं’…सुनील गावस्कर ने 34 साल के इस भारतीय खिलाड़ी की तारीफ में पढ़े कसीदे, बताई सबसे बड़ी खासियत
