News in Brief

नई दिल्ली: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को हाल ही में उनके ही कई खिलाड़ियों ने खूब खरी खोटी सुनाई है, साथ ही कई खिलाड़ियों ने तो पाकिस्तान बोर्ड पर आरोप भी लगाए हैं. इसी बीच पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज रमीज राजा (Ramiz Raja) ने भी बहती गंगा में हाथ धो लिए हैं. 

रमीज राजा (Ramiz Raja) ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को युवा खिलाड़ियों को नजरअंदाज करने के लिए लताड़ा है.

रमीज राजा ने PCB की लगाई क्लास

रमीज राजा (Ramiz Raja) ने ‘द इंडियन न्यूज’ यूट्यूब चैनल पर बातचीत करते हुए कहा है कि भारत के सचिन तेंदुलकर और महेंद्र सिंह धोनी अपने करियर के आखिरी पड़ाव व अपने 50% पर भी टीम इंडिया के लिए बेहतरीन खेले लेकिन पाकिस्तान के पास ये क्षमता नहीं है.

उन्होंने कहा, ‘हमारे पास उस काबिलियत के खिलाड़ी नहीं है. उदाहरण के लिए एमएस धोनी और सचिन तेंदुलकर अपनी 50% क्षमता के साथ भी काफी बेहतरीन थे. ये सिर्फ इसलिए हो रहा है क्योंकि हमें हारने का डर है. सिर्फ जीतने के लिए सारी चीजों को बर्बाद कर रहे है’.

युवा खिलाड़ियों को मौका मिलना चाहिए: रमीज 

रमीज राजा (Ramiz Raja) ने कहा कि टीम को नए खिलाड़ियों के साथ जाना चाहिए था और अगर वो हार भी जाते तो कम से कम उन्हें अनुभव मिलता और सीखने के लिए बहुत कुछ मिलता.

उन्होंने कहा, ‘ युवा खिलाड़ियों को मौका देना चाहिए और जब ऐसा लगे कि दबाव बन रहा है तब पुराने खिलाड़ियों को बुलाना चाहिए. जब थोड़ी भी मुश्किल हो तब आप टीम में मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज के रूप में दो विकेटकीपर बल्लेबाजों को खेला सकते हैं. इन सभी चीजों को करने से ही एक अच्छी टीम बनती है.