News in Brief

Sunrisers Eastern Cape Created History: क्रिकेट के किसी भी टूर्नामेंट में लगातार 4 बार फाइनल में जगह बनाना किसी भी टीम के लिए बड़ी बात होती है. 2 बार खिताब जीत चुकी एक टीम ने यह कमाल कर दिखाया है. यह टीम कोई और नहीं बल्कि सनराइजर्स ईस्टर्न केप है, जो साउथ अफ्रीका की टी20 लीग SA20 की सबसे सफल टीम भी है. इस टीम ने चौथे सीजन के फाइनल में जगह बनाकर इतिहास रचा है. वह इस लीग के इतिहास में ऐसी पहली टीम है, जो सभी चारों सीजन यानी 2023, 2024, 2025 और 2026 के फाइनल खेलेगी.

सनराइजर्स ईस्टर्न केप ने 23 जनवरी की रात खेले गए दूसरे क्वालीफायर मैच में पार्ल रॉयल्स को मात देकर खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल किया. पार्ल को उसने 7 विकेट से हराया. इस जीत के दम पर काव्या मारन की टीम सनराइजर्स ईस्टर्न केप ने एक खास रिकॉर्ड बनाया है. वह पूरी दुनिया में होने वाले टी20 क्रिकेट में लगातार चार सीजन फाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम बनी है. नंबर एक पर पर्थ स्कॉर्चर्स है, जिसने ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग के चार सीजन में लगातार फाइनल में जगह पक्की की थी.

इस लिस्ट में चेन्नई सुपर किंग्स का भी नाम

बिग बैश लीग में पर्थ स्कॉर्चर्स की टीम 2011 से लेकर 2014 तक हर बार फाइनल खेली थी. नंबर 2 स्थान पर मौजूद ईस्टर्न केप ने 2023 और 2024 के सीजन का खिताब जीता था. 2025 में वह रनरअप रही थी. इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर चेन्नई सुपर किंग्स है, जिन्होंने आईपीएल के शुरुआती चार सीजन में से 3 फाइनल खेले थे.

फाइनल में किससे होगी टक्कर?

दूसरे क्वालीफायर की बात करें तो पार्ल रॉयल्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 114 रन बनाए थे. इस लक्ष्य को सनराइजर्स की टीम ने 11.4 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया. जीत के हीरो सेनुरन मुथुसामी रहे, जिन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके. अब सनराइजर्स ईस्टर्न केप 25 जनवरी को होने वाले फाइनल में प्रिटोरिया कैपिटल्स से भिड़ेगी. फाइनल मुकाबला केपटाउन के न्यूलैंड्स स्टेडियम में खेला जाएगा.

ये भी पढ़ें: ‘हम कोई कसर नहीं’….T20 WC 2026 से पहले सूर्या ने विरोधियों को डराया, इस बयान से मचाई खलबली