News in Brief

नई दिल्ली: टोक्यो ओलंपिक (Tokyo Olympics) से पहले इंग्लैंड में कई बड़े टूर्नामेंटों में हिस्सा लेने के लिए टेनिस स्टार सानिया मिर्जा (Sania Mirza) के दो साल के बेटे के वीजा के लिए खेल मंत्रालय ने विदेश मंत्रालय से हस्तक्षेप का अनुरोध किया है.

इंग्लैंड में खेलने हैं कई टूर्नामेंट

बता दें कि इसी साल जापान में होने वाले टोक्यो ओलंपिक (Tokyo Olympic) से पहले सानिया (Sania Mirza) को छह जून से नाटिंघम ओपन, 14 जून से बर्मिघम ओपन, 20 जून से ईस्टबोर्न ओपन और 28 जून से विम्बलडन में भाग लेना है. लेकिन वो एक महीने के लिए इंग्लैंड जाने के लिए अपने छोटे से बच्चे को अकेला नहीं छोड़ सकती.

यूके सरकार से बात करेगा खेल मंत्रालय 

मंत्रालय ने एक विज्ञप्ति में कहा ,‘खेल मंत्रालय की टारगेट ओलंपिक पोडियम योजना (टॉप्स) में शामिल सानिया ने मंत्रालय से अपने बेटे और उसकी देखभाल करने वाले के लिए वीजा दिलाने में मदद की अपील की है. सानिया ने कहा कि वह अपने दो साल के बेटे को अकेले छोड़कर एक महीने के लिए यात्रा नहीं कर सकती.’

इसमें आगे कहा गया, ‘मंत्रालय ने तुरंत कार्रवाई करते हुए विदेश मंत्रालय से लंदन स्थित भारतीय दूतावास के जरिए इस मामले में मदद की अपील की है.’

इस मामले पर खेलमंत्री किरेन रीजीजू ने कहा, ‘मैने अनुरोध को मंजूरी दे दी और खेल मंत्रालय के अधिकारी विदेश मंत्रालय के संपर्क में हैं. हमें उम्मीद है कि ब्रिटिश सरकार बच्चे को सानिया के साथ यात्रा करने की अनुमति देगी.’