News in Brief

Babar Azam: टी20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान की टीम सुपर 8 में एंट्री कर चुकी है. टीम के स्टार बैटर बाबर आजम ने अब तक कुछ खास प्रदर्शन नहीं किया है. चौथे मुकाबले में नामीबिया के खिलाफ तो उनकी बैटिंग ही नहीं आई. भले ही इस एडिशन में बाबर आजम का बल्ला अब तक खामोश रहा हो और उनके नाम के आगे एक भी अर्धशतक न जुड़ा हो, लेकिन अब वो एक ऐसा धमाका करने जा रहे हैं जिसकी गूंज पूरे क्रिकेट जगत में सुनाई देगी.

पाकिस्तान टीम को सुपर 8 में अपना पहला मैच 21 फरवरी को न्यूजीलैंड से होगा. इस मुकाबले में बाबर आजम सिर्फ 20 रन बनाते ही ‘यूनिवर्स बॉस’ के नाम से मशहूर क्रिस गेल का वो साम्राज्य ढहा देंगे, जिसे विराट कोहली जैसा दिग्गज भी नहीं छू सका. आइए जानते हैं कि आखिर क्या है ये खास रिकॉर्ड, जिसके किंग बाबर आजम बनने वाले हैं.

बाबर आजम जिस क्रिस गेल के तूफानी रिकॉर्ड को तोड़ने के करीब हैं, वो टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 12000 रन पूरे करने का है. क्रिस गेल ने 343 पारियों में यह कमाल किया था, लेकिन अब बाबर इसे सिर्फ 335 पारियों में यह उपलब्धि हासिल कर सकते हैं, जो दुनिया में सबसे तेज होगा. बाबर अब तक टी-20 फॉर्मेट में 346 मैच की 334 पारियों में 41.97 की औसत और 128.37 की स्ट्राइक रेट से 11880 रन बना चुके हैं और अब 20 रन बनाते ही वो क्रिस गेल का सबसे कम पारियों में 12000 टी20 रन बनाने का तूफानी रिकॉर्ड ब्रेक कर देंगे.

Add Zee News as a Preferred Source

कोहली रेस में काफी पीछे

टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 12000 रन बनाने के मामले में क्रिस गेल टॉप पर हैं, जिन्होंने 343 पारियां लीं. दूसरे नंबर पर विराट कोहली का नाम आता है, जिन्होंने 360 पारियां ली थीं, लेकिन बाबर सिर्फ 335वीं पारी में यह कमाल करने की दहलीज पर हैं. मतलब वो कोहली से 25 पारियां कम लेंगे. ये अंतर बताता है कि बाबर टी20 क्रिकेट में कोहली से काफी तेज भागे हैं.

शोएब मलिक का रिकॉर्ड भी टूटना तय

अगर बाबर ने 12000 रन पूरे कर लिए तो वो टी20 क्रिकेट में यह उपलब्धि हासिल करने वाले 12वें जबकि पाकिस्तान के दूसरे खिलाड़ी बन जाएंगे. पाकिस्तान के लिए यह कमाल सिर्फ शोएब मलिक कर पाए हैं. इतना ही नहीं, बाबर टी20 विश्व कप के इतिहास में पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में भी शोएब मलिक को पछाड़ सकते हैं. बाबर ने 20 पारियों में 516 रन बनाए हैं. अगर उनके बल्ले से 32 रन और निकल गए तो मलिक पीछे छूट जाएंगे, जिन्होंने पाकिस्तान के लिए टी20 वर्ल्ड कप में 31 पारियों में 646 रन बनाए थे.

ये भी पढ़ें: 17 साल बाद बना ये मनहूस संयोग…हिस्ट्री रिपीट हुई तो सुपर-8 में ही बंधेगा सूर्या ब्रिगेड का बोरिया-बिस्तर, आज भी चुभता है 2009 वाला दर्द