News in Brief

T20 WC 2026: क्रिकेट फैंस को जिस पल का बेसब्री से इंतजार था, वो घड़ी आ चुकी है. अब से कुछ घंटे बाद टी20 विश्व कप के 10वें एडिशन का आगाज होगा. 7 फरवरी यानी पहले ही दिन एक-दो नहीं बल्कि तीन मैच होने हैं. मतलब सुबह से लेकर शाम तक रोमांच रहेगा. तीन मैचों में रनों की बारिश होने की पूरी उम्मीद है. ओपनिंग मैच कोलंबो में सुबह 11 बजे से पाकिस्तान बनाम नीदरलैंड्स के बीच शुरू होगा, लेकिन फैंस को दिन के आखिरी मैच का इंतजार ज्यादा है, क्योंकि यह मुकाबला भारत और अमेरिका टीम के बीच खेला जाएगा.

पहले दिन 3 मैचों में कुल छह टीमें उतरेंगी. ये टीमें पाकिस्तान, नीदरलैंड्स, वेस्टइंडीज, स्कॉटलैंड, भारत, अमेरिका हैं. पहले दिन सबकी नजर इन टीमों के 6 तूफानी खिलाड़ियों पर रहेगी, जो बल्ले से छक्कों की बारिश करते हैं और टीम के लिए अहम बैटर हैं. इनमें पहला नाम टीम इंडिया के अभिषेक शर्मा का है, जो सिक्स-हिटिंग मशीन कहलाते हैं. दूसरा नाम पाकिस्तान के सैम अयूब का है, जो पाक टीम के लिए ओपनिंग करते दिखेंगे.

इस लिस्ट में तीसरा नाम वेस्टइंडीज के शिमरोन हेटमायर का है, जो इस बार नंबर 3 पर खेलेंगे. चौथा नाम अमेरिका टीम के कप्तान मोनांक पटेल का है. 5वें नंबर पर स्कॉटलैंड के कप्तान रिची बेरिंगटन हैं, जो मिडिल ऑर्डर में आकर तेजी से रन बना सकते हैं. आखिरी नाम नीदरलैंड्स के ओपनर मैक्स ओ’डॉड का है, जो तेज गति से रन बनाते हैं.

कितने बजे से शुरू होंगे मैच?

7 फरवरी को पहला मुकाबला पाकिस्तान बनाम नीदरलैंड्स के बीच होगा, जो सुबह 11 बजे से शुरू होगा और 3 बजे के करीब खत्म होने की उम्मीद है. दूसरा मुकाबला वेस्टइंडीज बनाम स्कॉटलैंड के बीच होगा, जो दोपहर 3 बजे से कोलकाता में खेला जाना है. दिन का आखिरी मैच शाम 7 बजे से भारत और अमेरिका के बीच होगा.

टी20 वर्ल्ड कप 2026 पहले दिन का शेड्यूल देखिए

पाकिस्तान बनाम नीदरलैंड्स, कोलंबो- सुबह 11 बजे

वेस्टइंडीज बनाम स्कॉटलैंड, कोलकाता- दोपहर 3 बजे 

भारत बनाम यूएसए, मुंबई- शाम 7 बजे

ये भी पढ़ें: T20 World Cup 2026: रवि शास्त्री से लेकर अकरम तक… 40 दिग्गजों की फौज संभालेगी कमेंट्री का मोर्चा, 2 नए नामों ने चौंकाया