
IND vs NZ ODI Series: भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज के ऐलान में महज 3 दिन का समय बाकी है, स्क्वॉड में एंट्री के लिए प्लेयर्स एड़ी-चोटी का जोर लगाते दिख रहे हैं. इसमें से एक नाम ऋतुराज गायकवाड़ का भी है जिन्होंने धमाकेदार शतक ठोका. वहीं, स्टार बल्लेबाज ऋषभ पंत खुद की ही फील्डिंग सेट करते दिख रहे हैं. उनका प्रदर्शन विजय हजारे ट्रॉफी में ऐसा रहा कि न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में बाहर होना लगभग पक्का नजर आ रहा है.
दिल्ली को मिली हार
दिल्ली की टीम को पंत समेत कुछ सीनियर प्लेयर्स की नाकामी के चलते करारी हार का सामना करना पड़ा. दिल्ली की टीम को विराट कोहली की कमी खली और टीम को ओडिशा ने 79 रन से रंद दिया. पंत महज 24 रन बनाकर अपना विकेट गंवा बैठे. ओडिशा के 272 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की पूरी टीम 43.3 ओवर में 193 रन पर ऑल आउट हो गई.
टी20 में वापसी मुश्किल
ऋषभ पंत का टी20 फॉर्मेट में टीम इंडिया में कमबैक मुश्किल ही नजर आ रहा है. वर्ल्ड कप से उनका पत्ता कट चुका है क्योंकि एक तरफ विकेटकीपर संजू सैमसन दमदार फॉर्म से कब्जा जमाए बैठे हैं वहीं, दूसरी तरफ ईशान किशन ने बल्ले से ऐसा हल्ला मचाया कि सेलेक्टर्स उनका नाम देने पर मजबूर हो गए. अब डबल सेंचुरियन ईशान किशन न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में भी पंत का स्पॉट दबोचने के लिए तैयार हैं.
ये भी पढे़ं.. मुकेश-आकाश-शमी की तिकड़ी ने बंगाल को दिलाई जीत, दर्शन के सामने चंडीगढ़ ने टेके घुटने
4 पारियों में पंत की एक फिफ्टी
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो ईशान किशन का कमबैक न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में हो सकता है. टीम इंडिया का ऐलान 3 जनवरी को होगा. विजय हजारे ट्रॉफी में पंत के प्रदर्शन की बात करें तो उनके बल्ले से महज एक अर्धशतकीय पारी देखने को मिली. उन्होंने 4 मैचों में केवल 2, 70, 22 और 24 रन बनाए हैं. अब देखना दिलचस्प होगा कि सेलेक्टर्स उन्हें मौका देते हैं या नहीं.
