T20 World Cup 2026: इन दिनों भारत में टी20 विश्व कप 2026 की धूम है. 20 टीमों के बीच खिताब की जंग है. ये वर्ल्ड कप का 10वां एडिशन है. 2007 से लेकर 2024 तक जो नजारा कभी नहीं दिखा था, वो इस बार देखने को मिलने वाला है. ऐसा इसलिए क्योंकि दो ऐसे खिलाड़ी इस बार विश्व कप का हिस्सा बने हैं, जिनका रिश्ता तो खून का है, लेकिन वो मैदान पर एक-दूसरे के दुश्मन हैं.
दरअसल, क्रिकेट की दुनिया में ऐसा कई बार देखा गया है कि जब दो सगे भाइयों की जोड़ी मैदान पर उतरी. अक्सर ये जोड़ियां एक ही टीम के लिए खेली हैं, लेकिन इस बार शायद ये पहली दफा है कि जब दो सगे भाई अलग-अलग देशों की टीमों के लिए खेल रहे हैं.
खून का रिश्ता, लेकिन मैदान पर ‘दुश्मन’
इस बार इटली के लिए स्टिन और एंथोनी मोस्का दोनों भाई खेल रहे हैं. इसी टीम में दो सगे भाई मैनेंटी और हैरी मैनेंटी भी शामिल हैं, वहीं आयरलैंड के लिए हैरी और टिम टैक्टर एक साथ हैं. रॉस और मार्क अडायर भी इस सीजन एक साथ खेल रहे हैं. नेपाल टीम में आसिफ और आरिफ शेख भी सगे भाइयों की जोड़ी है, लेकिन भाइयों की जोड़ी वाली इस लिस्ट में जो 2 नए नाम हैं, उनके साथ ऐसा नहीं है. वो भाई तो सगे हैं, लेकिन टीमें अलग-अलग हैं. ये जोड़ी है सैम करन और बेन करन की. दोनों इंग्लैंड से आते हैं. सैम करन इंग्लैंड टीम का हिस्सा हैं, जबकि बेन करन ने दूसरी टीम का दामन थामा है.
अचानक हुई बेन करन की एंट्री
सैम करन तो शुरुआत से ही इंग्लिश टीम का हिस्सा थे, लेकिन बेन करन ने अचानक वर्ल्ड कप में एंट्री मारी है. जिम्बाब्वे के अनुभवी बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं, इसलिए उनकी जगह बेन को बुलाया गया है. आईसीसी की इवेंट टेक्निकल कमेटी की मंजूरी के बाद बेन करन अब जिम्बाब्वे के लिए अगले मैचों में प्लेइंग 11 का हिस्सा बन सकते हैं.
कौन हैं बेन करन?
सैम करन को सब जानते हैं. वो एक मैच विनर ऑलराउंडर हैं, लेकिन बेन के बारे में शायद उतना नहीं जानते. बेन एक टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज हैं, जो अभी तक टी20 इंटरनेशनल में जिम्बाब्वे के लिए डेब्यू नहीं कर पाए हैं. उन्होंने इस देश के लिए टेस्ट और वनडे में डेब्यू कर लिया है. अब तक 8 टेस्ट में 495 रन किए हैं, जबकि वनडे के 8 मैचों में 340 रन बनाए हैं. जिम्बाब्वे के घरेलू टी20 टूर्नामेंट में उन्होंने 8 मैचों में 209 रन किए थे, वो भी 130.62 के स्ट्राइक रेट के साथ. खास बात ये थी कि वो टूर्नामेंट के तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने थे, इसी वजह से उन्हें विश्व कप टीम में जगह मिली है.
टी20 विश्व कप में पहली बार दिखेगा ये नजारा?
टी20 विश्व कप 2026 में इंग्लैंड और जिम्बाब्वे दोनों अलग-अलग ग्रुप में हैं. इसलिए ग्रुप स्टेज में इनके बीच कोई मुकाबला नहीं हुआ है, लेकिन सुपर 8 में दोनों टीमों की भिड़ंत हो सकती है, क्योंकि जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर बड़ा उलटफेर किया है. वो अब तक अपने दोनों मैच जीतकर 4 अंक हासिल कर चुकी है और ग्रुप बी में श्रीलंका के बाद नंबर 2 पर है. हर ग्रुप से टॉप दो टीमें सुपर 8 में एंट्री मारेंगी. वहीं इंग्लैंड ने ग्रुप सी में पहले दो में से एक मैच जीत लिया है. उसके दो मैच इटली और स्कॉटलैंड से हैं, जिनमें वो जीत दर्ज करके सुपर 8 में जगह बना सकती है.
ये भी पढ़ें: IND vs PAK: टीम इंडिया के 7 ब्रह्मास्त्र तैयार…T20 वर्ल्ड कप में पहली बार पाकिस्तान पर गिरेंगे ये ‘अंगारे’, सलमान अली की सेना में खौफ!
