News in Brief

Kolkata Eden Gardens Ground Overview: टी20 विश्व कप 2026 की तैयारी तेज है. भारत और श्रीलंका में यह मेगा इवेंट होने जा रहा है. कोलकाता के ईडन गार्डन्स के पास कुल 5 मैचों की मेजबानी है. मतलब ये कि इस मैदान पर 5 मुकाबले खेले जाएंगे, जिसके लिए भारत का ये खूबसूरत मैदान पूरी तरह तैयार है. यहां सबसे पहला मुकाबला 7 फरवरी को वेस्टइंडीज बनाम स्कॉटलैंड के बीच होगा, जबकि आखिरी मुकाबला 19 फरवरी को खेला जाएगा.

यहां आने वाली टीमें इस सवाल का जवाब तलाश रही हैं कि आखिर जीत के लिए यहां क्या करना होगा? इस सवाल का जवाब ना तो आंकड़े देखकर दिया जा सकता है और ना ही कोई भविष्यवाणी की गारंटी है, क्योंकि टी20 इंटरनेशनल में यहां जितने भी मैच हुए हैं, उनकी जीत की कहानी मिली-जुली है. जिसे हम विस्तार से जानेंगे. ये भी जानेंगे कि यहां की पिच रिपोर्ट कैसी है.

ईडन गार्डन्स में टी20 इंटरनेशनल मैचों के आंकड़े

इस मैदान पर अब तक 13 टी20 इंटरनेशनल मैच हुए हैं, जिनमें पहली पारी में बैटिंग करने वाली टीम ने 5 जबकि चेज करने वाली टीम ने 8 मैच जीते हैं. इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 153 रन है, जो दूसरी पारी में घटकर 137 रन रह जाता है. ये आंकड़े बताते हैं कि यहां टॉस जीतकर पहले बैटिंग करके अगर कोई टीम 180 प्लस रनों का टारगेट लगा देती है तो उसके जीतने के चांस ज्यादा रहते हैं, क्योंकि दूसरी पारी में गेंदबाजों को मदद मिलती है.

Add Zee News as a Preferred Source

सबसे बड़ा टोटल

कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर टी20 इंटरनेशनल मैच में सबसे बड़ा स्कोर 205 रनों का है, जो पाकिस्तान ने 2016 के टी20 विश्व कप में बांग्लादेश के खिलाफ किया था. पाकिस्तान ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 201 रन बनाए थे. इस मैच में मोहम्मद हफीज ने 42 गेंदों पर 2 छक्के और 7 चौके लगाकर 64 रन किए थे, जबकि अहमद शहजाद ने 39 गेंदों पर 8 चौकों की मदद से 52 रनों का योगदान दिया था. बाद में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 146 रनों पर रोक दिया और 55 रनों से बड़ी जीत हासिल की थी.

सबसे छोटा स्कोर

इस मैदान पर सबसे छोटा स्कोर बांग्लादेश के नाम है, जो 2016 के टी20 विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ 146 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए 70 रनों पर ऑलआउट हो गई थी. कीवी टीम ने वो मैच 75 रनों से जीता था. जीत के हीरो केन विलियमसन थे, जिन्होंने नंबर 5 पर आकर 32 गेंदों पर 42 रन बनाए थे.

सबसे बड़ा सफल रन चेज

इस मैदान पर सबसे बड़ा सफल रन चेज 158 रनों का है, जो 2022 में भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ किया था. वेस्टइंडीज ने 7 विकेट खोकर 157 रन बनाए थे. उस मैच में निकोलस पूरन ने 43 गेंदों पर 5 छक्के और 4 चौकों की मदद से 61 रन किए थे. बाद में कप्तान रोहित शर्मा ने 40, ईशान किशन ने 35 और आखिर में सूर्यकुमार यादव की 34 रनों की पारियों के दम पर भारत ने 18.5 ओवर में 4 विकेट खोकर मैच जीत लिया था.

डिफेंड हुआ सबसे छोटा स्कोर

इस मैदान पर जो सबसे छोटा स्कोर डिफेंड हुआ है, वह 187 रनों का है. 2022 में वेस्टइंडीज 187 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए पूरे 20 ओवर खेलने के बाद 3 विकेट खोकर 178 रन ही बना पाई थी. वेस्टइंडीज वो मैच 8 रनों से हार गई थी.

कैसी रहती है ईडन गार्डन्स की पिच रिपोर्ट?

ईडन गार्डन्स वो मैदान है, जहां की पिच गेंदबाज और बल्लेबाज दोनों को मदद देती है. यहां टी20 इतिहास बताता है कि हाई स्कोरिंग मुकाबले भी देखने को मिलते हैं. यहां टीमों ने कभी पहले बैटिंग करते हुए जीत हासिल की है, तो कभी चेज करते हुए. इस मामले में कोई एकतरफा रिकॉर्ड नहीं है. टीमें टॉस जीतकर मौसम और कंडीशन के हिसाब से फैसला लेती हैं. अगर ओस का खतरा होता है तो पहले गेंदबाजी की जाती है, जबकि ओस नहीं होने की स्थिति में पहले बैटिंग भी की जाती है, क्योंकि दूसरी पारी में यहां रन बनाना आसान नहीं होता.

ईडन गार्डन्स में टी20 विश्व कप 2026 के मैच

  1. 7 फरवरी- वेस्टइंडीज vs स्कॉटलैंड
  2. 9 फरवरी- बांग्लादेश vs इटली
  3. 14 फरवरी- इंग्लैंड vs स्कॉटलैंड
  4. 16 फरवरी- इंग्लैंड vs इटली
  5. 19 फरवरी- वेस्टइंडीज vs इटली

ये भी पढ़ें: T20 World Cup 2026: चोटिल सुंदर का खेलना मुश्किल, BCCI इस खिलाड़ी को कर रही तैयार, अचानक चमक सकती है किस्मत