
BCCI Central Contract 2026: ईशान किशन इन दिनों अपने धमाकेदार कमबैक के चलते चर्चा में हैं, लेकिन टी20 विश्व कप 2026 के ओपनिंग मैच से ठीक पहले इस खिलाड़ी को लेकर एक ऐसी खबर आई है, जिसने सभी को हैरान कर दिया है. रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ईशान किशन को BCCI ने 2026 के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से बाहर कर दिया है. ये रिपोर्ट ऐसे वक्त आई है, जब किशन ने घरेलू क्रिकेट में रनों की बारिश करके टीम इंडिया में 2 साल बाद वापसी की थी और न्यूजीलैंड के खिलाफ T20 सीरीज में छक्कों की बारिश करके सभी का दिल जीत लिया था.
टाइम्स ऑफ इंडिया ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने 2025-26 सीजन के लिए कुल 30 खिलाड़ियों को जगह दी है, लेकिन बाएं हाथ के इस विकेटकीपर बल्लेबाज को सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट की लिस्ट से बाहर कर दिया है. रिपोर्ट में भले ही यह चौंकाने वाला दावा किया जा रहा है, लेकिन BCCI की तरफ से जब कॉन्ट्रैक्ट की नई लिस्ट जारी होगी, तब देखना दिलचस्प होगा कि किशन को लेकर क्या फैसला किया गया है.
क्यों हैरान हुए फैंस?
इस रिपोर्ट ने फैंस को इसलिए हैरान कर दिया है, क्योंकि किशन T20 World Cup टीम का हिस्सा हैं और बढ़िया फॉर्म में चल रहे हैं. उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ जिन 4 मैचों में रन बनाए हैं, वो सभी मैच नए कॉन्ट्रैक्ट के तहत ही खेले गए हैं. ये वही ईशान किशन हैं, जिन्हें पिछले सीजन एक भी मैच नहीं खिलाया गया, इसके बाद भी वो सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट का हिस्सा थे. उन्हें ग्रेड C में जगह मिली थी, जिसके तहत उन्हें सालाना 1 करोड़ रुपये मिले थे. हालांकि ये भी कहा जा रहा है कि अगर ईशान T20 World Cup 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हैं, तो उन्हें सीजन के बीच में भी सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट दिया जा सकता है.
शमी समेत 5 बड़े नाम बाहर
नए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में अकेले ईशान किशन नहीं, बल्कि कुल 5 खिलाड़ी ऐसे हैं, जिन्हें बाहर का रास्ता दिखाया गया है. इनमें मोहम्मद शमी, जिन्हें पहले ग्रेड A में जगह मिली थी, जिसके तहत साल के 5 करोड़ रुपये मिलते थे, लेकिन ये खिलाड़ी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद से ही बाहर हैं और अब उन्हें भी बाहर कर दिया गया है. शमी के अलावा टेस्ट खेल चुके सरफराज खान, मुकेश कुमार और रजत पाटीदार को भी झटका लगा है. नए चेहरे के तौर पर युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन को सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में शामिल किया गया है.
इस बार क्या बदलेगा?
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी BCCI ने नए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट्स से ग्रेड A प्लस को खत्म करने का फैसला किया है. अब सिर्फ तीन ग्रेड, ग्रेड A, ग्रेड B और ग्रेड C ही होंगे. जो ग्रेड A प्लस था, उसमें रोहित शर्मा, विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा जैसे दिग्गजों के नाम थे, लेकिन अब ग्रेड A में 3 खिलाड़ी शुभमन गिल, जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा के नाम हैं, विराट कोहली और रोहित शर्मा समेत कुल 11 खिलाड़ियों को ग्रेड B कैटेगरी में रखा जा सकता है, जबकि ग्रेड C में 16 खिलाड़ियों को जगह देने का प्लान है. हालांकि जब BCCI ऑफिशियल तौर पर इसका ऐलान करेगा, तब देखना होगा कि यह रिपोर्ट कितनी सच होती है.
नया संभावित सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट
ग्रेड A- शुभमन गिल, जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा
ग्रेड B- रोहित शर्मा, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, वॉशिंगटन सुंदर, केएल राहुल, हार्दिक पांड्या, मोहम्मद सिराज, ऋषभ पंत, कुलदीप यादव, यशस्वी जायसवाल और श्रेयस अय्यर
ग्रेड C- अक्षर पटेल, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, संजू सैमसन, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, ध्रुव जुरेल, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, नितीश कुमार रेड्डी, अभिषेक शर्मा, साई सुदर्शन, रवि बिश्नोई और ऋतुराज गायकवाड़
ये भी पढ़ें: India vs USA Pitch Report: अगर ऐसा हुआ तो वानखेड़े में बन सकते हैं 300 रन… पिच रिपोर्ट उड़ा रही सबके होश
