
सिडनी: आईपीएल बायो बबल में कोरोना पॉजिटिव पाए गए ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज माइक हसी (Michael Hussey) ने इस साल के आखिर में टी20 विश्व कप यूएई में कराने की हिमायत करते हुए कहा कि टीमें कोरोना महामारी से जूझ रहे भारत जाने को लेकर नर्वस होंगी.
चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाजी कोच रहे हसी (Michael Hussey) कोरोना संक्रमण का शिकार हो गए थे. कोरोना के कई मामले आने के बाद आईपीएल का इस सीजन को स्थगित कर दिया गया था.
यूएई में होना चाहिए टी20 विश्व कप: हसी
हसी (Michael Hussey) ने सिडनी लौटने के बाद ‘फॉक्स क्रिकेट’ से कहा, ‘भारत में टूर्नामेंट खेल पाना काफी मुश्किल होगा’.
उन्होंने कहा, ‘हम आईपीएल की आठ टीमों की बात कर रहे हैं और टी20 विश्व कप में भी शायद इतनी ही टीमें होंगी. मेजबान शहर अधिक होंगे. जैसा कि मैंने पहले ही कहा कि अलग अलग शहरों में खेलने से जोखिम बढ जायेगा’.
हसी (Michael Hussey) ने कहा, ‘उन्हें काफी बड़ी आपात योजना बनानी होगी. शायद यूएई या कहीं और टूर्नामेंट कराया जा सकता है. दुनिया भर के कई क्रिकेट बोर्ड भारत में फिर टूर्नामेंट खेलने के लिए टीमें भेजने को लेकर नर्वस होंगे’.
डर गए थे हसी
यूएई विकल्प के तौर पर उभरा है और आईसीसी एक जून को इस पर फैसला लेगा.
भारत में अपने अनुभव को लेकर हसी ने कहा कि उनमें लक्षण थे लेकिन उन्हें कभी जिंदगी को लेकर डर नहीं लगा.
उन्होंने कहा, ‘उस समय मुझे बहुत अच्छा नहीं लगा लेकिन ऐसा नहीं लगा कि जिंदगी को कोई खतरा है. मेरे शुरुआती टेस्ट में उतना गंभीर पॉजिटिव नहीं था और हम उम्मीद कर रहे थे कि अगला टेस्ट नेगेटिव आयेगा और मैं ठीक हो जाऊंगा लेकिन मैं फिर पॉजिटिव आ गया’.
हसी (Michael Hussey) कहा, ‘ईमानदारी से कहूं तो मुझे कुछ लक्षण अनुभव होने लगे थे और मुझे यकीन हो गया था कि मुझे कोरोना है. इसके अलावा मैं गेंदबाजी कोच लक्ष्मीपति बालाजी के साथ ही बैठते थे. उसे होने के बाद पूरी संभावना थी कि मुझे होना ही था’.
