IND vs NZ 2nd T20I: हार्दिक पांड्या ने न्यूजीलैंड के खिलाफ शुक्रवार को खेले गए दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में इतिहास रच दिया है. हार्दिक पांड्या ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में विराट कोहली का एक प्रचंड रिकॉर्ड तोड़ दिया है. हार्दिक पांड्या अब विराट कोहली को पीछे छोड़कर इस फॉर्मेट में भारत के लिए दूसरे सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. हार्दिक पांड्या ने शुक्रवार को रायपुर में भारत के लिए अपना 126वां T20 इंटरनेशनल मैच खेला और विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया. विराट कोहली ने अपने T20I करियर में 125 मैच खेले थे.
T20I में हार्दिक पांड्या का ऐतिहासिक कमाल
हार्दिक पांड्या इस लिस्ट में सिर्फ पूर्व कप्तान रोहित शर्मा से पीछे हैं. रोहित शर्मा ने साल 2024 में T20I फॉर्मेट से रिटायर होने से पहले 159 T20I मैच खेले थे. हार्दिक पांड्या ने सबसे छोटे फॉर्मेट में बल्ले और गेंद दोनों से अपने प्रदर्शन से अपनी काबिलियत साबित की है. अपने 126 मैचों में हार्दिक पांड्या ने 28.54 की औसत से 2,027 रन बनाए हैं, जिसमें उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 71 रन है. गेंदबाजी में हार्दिक पांड्या ने 26.85 की औसत से 102 विकेट लिए हैं, उनका बेस्ट प्रदर्शन 16 रन देकर 4 विकेट है.
हार्दिक पांड्या खास क्लब में शामिल
हार्दिक पांड्या इस उपलब्धि के साथ एक खास क्लब में शामिल हो गए हैं, क्योंकि सिर्फ चार भारतीय खिलाड़ियों ने 100 से ज्यादा T20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं. हार्दिक पांड्या के अलावा इस लिस्ट में रोहित शर्मा, विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव शामिल हैं. हार्दिक पांड्या ने न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के पहले मैच में भी अहम योगदान दिया था. हार्दिक पांड्या ने 16 गेंदों में तेजी से 25 रन बनाए थे और दो ओवर में 20 रन देकर 2 विकेट लिए थे.
भारत ने 7 विकेट से जीता दूसरा टी20 इंटरनेशनल मैच
भारत ने ईशान किशन और कप्तान सूर्यकुमार यादव की तूफानी पारियों के दम पर न्यूजीलैंड के विरुद्ध दूसरे टी20 मैच को 7 विकेट से जीता. इसी के साथ टीम इंडिया ने पांच मुकाबलों की सीरीज में 2-0 से बढ़त हासिल कर ली है. टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी कीवी टीम ने निर्धारित ओवरों में 6 विकेट खोकर 208 रन बनाए. विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने खराब शुरुआत के बावजूद महज 15.2 ओवरों में जीत दर्ज कर ली. टीम इंडिया को 6 के स्कोर पर संजू सैमसन (6) और अभिषेक शर्मा (0) के रूप में दो बड़े झटके लगे, लेकिन यहां से ईशान किशन ने कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ तीसरे विकेट के लिए 48 गेंदों में 122 रन की साझेदारी करते हुए टीम को जीत की पटरी पर ला दिया.
