
Cricket Records: टी20 क्रिकेट के बादशाह रोहित शर्मा का एक बड़ा रिकॉर्ड ध्वस्त हो गया है. 2024 टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद इस फॉर्मेट को अलविदा कहने वाले रोहित ने अपने करियर में कई बड़े रिकॉर्ड बनाए. वह एक समय टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे. वहीं, उनके नाम सबसे ज्यादा मैच खेलने का रिकॉर्ड भी दर्ज था. उसे आयरलैंड के धाकड़ ओपनर बल्लेबाज पॉल स्टर्लिंग ने गुरुवार (29 जनवरी) को ध्वस्त कर दिया.
रोहित से आगे निकले स्टर्लिंग
स्टर्लिंग ने पुरुष टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. आयरलैंड के इस बल्लेबाज ने दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के खिलाफ पहले टी20 मैच के दौरान यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की. अब नंबर एक पर मौजूद स्टर्लिंग ने अपने देश के लिए 160 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं. 35 साल के इस खिलाड़ी ने 26.53 की औसत से 3,874 रन बनाए हैं. उन्होंने एक शतक और 24 अर्धशतक लगाए हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 115 रन है.
ये भी पढ़ें: 5 शतक और 1142 रन का मैच… विकेटकीपर, बल्लेबाज और गेंदबाज, जब भारत के 11 खिलाड़ियों ने की थी बॉलिंग
स्टर्लिंग और रोहित के बाद कौन?
रोहित शर्मा अब दूसरे स्थान पर हैं. उन्होंने 159 मैचों में 4,231 रन बनाए हैं. इस शानदार बल्लेबाज का औसत 32.05 था, जिसमें पांच शतक और 32 अर्धशतक शामिल हैं. पूर्व भारतीय कप्तान अपने देश के लिए पुरुष टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी भी हैं. स्टर्लिंग और रोहित के बाद इस खास लिस्ट में आयरलैंड के जॉर्ज डॉकरेल (153), अफगानिस्तान के मोहम्मद नबी (148), इंग्लैंड के जोस बटलर (141), पाकिस्तान के बाबर आजम (137), न्यूजीलैंड के ईश सोढ़ी (136), इंग्लैंड के आदिल राशिद (134) और साउथ अफ्रीका के डेविड मिलर (133) भी शामिल हैं.
ये भी पढ़ें: टीम इंडिया के फैंस के लिए आई बुरी खबर… दिग्गज कोच का अचानक निधन, सदमे में खेल जगत
बल्ले से फेल रहे स्टर्लिंग
यूएई बनाम आयरलैंड के पहले टी20 मैच की बात करें तो मेहमान टीम ने 20 ओवर में 178/6 रन बनाए. कप्तान स्टर्लिंग का प्रदर्शन निराशाजनक रहा, उन्होंने तीन गेंदों पर सिर्फ आठ रन बनाए. ओपनर रॉस अडायर (29 गेंदों पर 39 रन), विकेटकीपर-बल्लेबाज़ (25 गेंदों पर 38 रन), कर्टिस कैम्फर (23 गेंदों पर 25 रन), बेंजामिन कैलिट्ज (12 गेंदों पर 26* रन), और जॉर्ज डॉकरेल (10 गेंदों पर 22* रन) ने अपनी टीम के लिए महत्वपूर्ण पारियां खेलीं. यूएई के लिए जुनैद सिद्दीकी (2/36) और हैदर अली (2/31) ने दो-दो विकेट लिए.
