News in Brief

U19 World Cup 2026: इन दिनों अंडर 19 विश्व कप 2026 की धूम है. जिसमें कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया है. ग्रुप स्टेज के मैच पूरे हो चुके हैं. अब सुपर 6 की बारी है, जिसमें भारत और पाकिस्तान भिड़ेंगे. इस हाईवोल्टेज मुकाबले की तारीख भी तय हो चुकी है. यह मुकाबला एक हफ्ते के भीतर ही खेला जाना है, जिसे लेकर फैंस अभी से इंतजार में जुट गए हैं. ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान तीन में से 2 मैच जीतकर सुपर 6 में पहुंची है, जबकि भारत की अंडर 19 टीम अजेय रही है. अब सवाल ये है कि आखिर यह मुकाबला कब और कहां खेला जाएगा? आपके इसी सवाल का जवाब लेकर हम हाजिर हुए हैं.

दरअसल, आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में 25 जनवरी से सुपर सिक्स स्टेज के मुकाबले शुरू होंगे. टीम इंडिया ने अब तक ग्रुप स्टेज में तीन मैच खेले और सभी जीते हैं. जिसके बाद वो अगले राउंड में पहुंची है. इस बार भारत-पाकिस्तान अलग-अलग ग्रुप में थे, ऐसा शायद पहली बार हुआ था. यही वजह रही कि ग्रुप स्टेज में भारत-पाकिस्तान की टक्कर नहीं हुई थी, लेकिन अब समीकरण ऐसे बन चुके हैं कि सुपर सिक्स में ये दोनों टीमें भिड़ेंगी.

किस मैदान पर होगा IND U19 vs PAK U19 मैच?

इस वर्ल्ड कप में भारत को ग्रुप बी में रखा गया था, जबकि पाकिस्तान ग्रुप सी में था. टीम इंडिया ने ग्रुप बी में अपने सभी तीनों मैच जीते और नंबर 1 पर फिनिश किया, जबकि पाकिस्तान ग्रुप सी में तीन में से 2 मैच जीतकर दूसरे नंबर पर रही. भारत की अंडर-19 और पाकिस्तान अंडर-19 टीम सुपर सिक्स के तहत 1 फरवरी को मैदान पर भिड़ेंगी. यह मुकाबला बुलावायो में खेला जाना है. इस मैच के जरिए भारतीय टीम एशिया कप के फाइनल में मिली हार का बदला लेना चाहेगी.

Add Zee News as a Preferred Source

सेमीफाइनल में कैसे जाएंगी टीमें?

सुपर सिक्स में पाकिस्तान से भिड़ने से पहले भारतीय टीम 27 जनवरी को जिम्बाब्वे के खिलाफ बुलावायो में मुकाबला खेलेगी, फिर 1 फरवरी को पाकिस्तान से भिड़ंत तय है. सुपर सिक्स में कुल 12 टीमों ने जगह बनाई है, जिन्हें ग्रुप 1 और ग्रुप 2 में बांटा गया है. हर टीम 2-2 मैच खेलेगी. जो टीमें यहां बेहतर प्रदर्शन करेंगी, वो सेमीफाइनल में एंट्री करेंगी. सेमीफाइनल के लिए हर ग्रुप से टॉप 2 टीमें आगे जाएंगी.

ये भी पढ़ें: T20 World Cup 2026: चोट ने ऐन वक्त पर तोड़ दिया सपना, वर्ल्ड कप से बाहर हो गए ये 4 स्टार खिलाड़ी