America News: ईरान समेत दुनिया के कई देश इस समय हिंसक प्रदर्शनों से गुजर रहे हैं. अमेरिका भी इससे अछूता नहीं है. यूएस के मिनेसोटा राज्य के मिनियापोलिस में भी हालात बिगड़ते जा रहे हैं. यहां पर लोगों का प्रदर्शन अब उग्र होने लगा है. इमिग्रेशन एजेंट्स की कथित मनमानी के खिलाफ लोगों का प्रदर्शन लगातार जारी है. इस बीच खबर है कि पेंटागन ने लगभग 1,500 सक्रिय सैनिकों को मिनेसोटा में संभावित तैनाती के लिए तैयार रहने का आदेश दिया है. 

दरअसल, वाशिंगटन पोस्ट में एक अमेरिकी रक्षा अधिकारी के हवाले से बताया गया कि सेना ने उत्तरी राज्य में हिंसा बढ़ने की स्थिति में तैनाती के लिए तैयार इकाइयों को आदेश दिए हैं, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि उनमें से किसी को भेजा जाएगा या नहीं. इस पूरे मामले में व्हाइट हाउस की ओर से एक बयान में बताया गया कि पेंटागन के लिए राष्ट्रपति जो भी फैसला लें या न लें, उसके लिए तैयार रहना आम बात है.  

राष्ट्रपति ट्रंप पहले भी दे चुके हैं चेतावनी 

Add Zee News as a Preferred Source

गौरतलब है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को धमकी देते हुए कहा था कि अगर राज्य के अधिकारी इमिग्रेशन और कस्टम्स एनफोर्समेंट एजेंटों की संख्या में बढ़ोतरी के बाद प्रदर्शनकारियों को इमिग्रेशन अधिकारियों को निशाना बनाने से नहीं रोकते हैं, तो वह सेना तैनात करने के लिए इंसरेक्शन एक्ट का इस्तेमाल करेंगे. 

अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ पर ट्रंप ने पिछले दिनों लिखा था कि अगर मिनेसोटा के भ्रष्ट राजनेता कानून का पालन नहीं करते हैं और पेशेवर आंदोलनकारियों और विद्रोहियों को I.C.E. के देशभक्तों पर हमला करने से नहीं रोकते हैं, जो सिर्फ अपना काम करने की कोशिश कर रहे हैं, तो मैं INSURRECTION ACT लागू कर दूंगा.

मिनेसोटा में हुआ क्या है? 

उल्लेखनीय है कि पोस्ट और एबीसी न्यूज ने बताया कि शहर में तैनात किए जाने वाले ये सैनिक ठंडे मौसम के ऑपरेशंस में स्पेशलिस्ट हैं. इसके साथ ही उन्हें 11वीं एयरबोर्न डिवीजन के तहत दो अमेरिकी सेना इन्फेंट्री बटालियन में तैनात किया गया है. ज्ञात हो कि मिनेसोटा राज्य के मिनियापोलिस शहर में निवासियों और फेडरल अधिकारियों के बीच टकराव ज्यादा तनावपूर्ण हो गया है. ऐसा इसलिए क्योंकि 7 जनवरी को एक ICE एजेंट ने रेनी गुड नाम की 37 साल की महिला को गोली मार दी थी. वह अपनी कार से उतरने का आदेश मिलने के बाद गाड़ी चलाकर जा रही थीं. (इनपुट- रॉयटर्स)