
वॉशिगंटन: अमेरिका के वर्जीनिया से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. दरअसल यहां एक मां ने अपने 10 महीने के बेटे को चाकू से गोदकर बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया. महिला इस पर ही नहीं रुकी, उसने अपनी 10 साल की बेटी को भी कई बार चाकू से मारा. इस हमले में वह बुरी तरह घायल हो गई.
पीपल (People) में छपी एक रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी महिला ने पहले अपने दो बच्चों को मार दिया और बाद में अपने पति को टेक्स्ट मैसेज करके घटना की पूरी जानकारी दी. जिससे पीड़ित पति के होश उड़ गए.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब वह मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि दोनों बच्चे खून से लथपथ जमीन पर पड़े हुए थे. जिसके बाद आननफानन में मासूम बच्ची को हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया. वहां उसका इलाज जारी है. हालांकि 10 महीने के बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई थी.
उन्होंने आगे कहा कि दोनों बच्चों के शरीर पर चाकू से कई बार वार किया गया. उन दोनों के शरीर का ऐसा कोई अंग नहीं बचा था, जिस पर हमला नहीं किया गया. वह परिस्थिति बहुत नाजुक थी. पहली बार हमने किसी बच्चे की बॉडी पर इतना भयानक हमला देखा था.
उन्होंने आगे कहा कि आरोपी महिला की पहचान 35 साल की गोने के तौर पर हुई है. जांच रिपोर्ट में सामने आया है कि वह मानसिक रूप से बीमार है. गिरफ्तार करने के बाद महिला को जेल भेज दिया गया है. हालांकि उसके इलाज के लिए डॉक्टरों से सलाह भी ली जा रही है. हमने महिला के खिलाफ हत्या के आरोप में सेकेंड डिग्री चार्ज लगाया है.
