Is Europe Really Beautiful to Visit: यूरोपीय देशों को आमतौर पर बेहद साफ-सुथरा माना जाता है. जिसकी वजह से काफी लोग अपने टूरिस्ट डेस्टिनेशंस में उन्हें शामिल करना पसंद करते हैं. लेकिन क्या वाकई यह फैक्ट पूरी तरह सच है या फिर सच्चाई कुछ और है. एक इंडियन ट्रैवल ब्लॉगर ने यूरोप घूमने के बाद ऐसा अनुभव शेयर किया है, जिसने सोशल मीडिया पर ज़बरदस्त बहस छेड़ दी. उसने कहा कि यूरोप दिखने में जितना खूबसूरत लगता है, असलियत में उतना ही उलझा हुआ भी है. उसके मुताबिक कई जगहें गंदी तो कई भीड़भाड़ वाली हैं. वहां पर कई इलाके ऐसे हैं, जहां जाने में असुरक्षा महसूस होती है. 

‘यूरोप की चमकदार तस्वीर हमेशा सच नहीं होती’

ब्लॉगर ने कहा कि सोशल मीडिया पर यूरोप की जो चमकदार तस्वीर दिखाई जाती है, वो पूरी सच नहीं होती. इंस्टाग्राम और रील्स में बेशक सब कुछ एकदम परफेक्ट दिखता हो. जबकि वहां जाकर जमीनी हकीकत देखें तो वह काफी अलग दिखती है.

Add Zee News as a Preferred Source

वीडियो में ब्लॉगर ने अपना पूरा अनुभव शेयर किया. उसने बताया कि ट्रिप के दौरान उसे कई तरह की दिक्कतों का का सामना करना पड़ा. कई जगहें उसे बेहद गंदी मिलीं तो कहीं पर बहुत ज्यादा भीड़भाड़ थी. वहीं कई इलाके ऐसे मिले, जहां सेफ्टी को लेकर डर महसूस हुआ.

‘कई जगहें गंदी तो कई नजर आती हैं डरावनी’ 

उसने अपने वीडियो का नाम ‘REALITY OF EUROPE’ रखा. साथ ही उसने नीचे लंबा चौड़ा कैप्शन भी लिखा. जिसमें उसने कहा, पोस्टकार्ड जैसी सड़कों के पीछे कई शहरों में लापरवाही स्पष्ट दिखती है. कई जगहें अब गंदी, अव्यवस्थित और डरावनी नजर आती हैं. जो तस्वीर हमें बेची जाती है, असलियत उससे मेल नहीं खाती. बाहर से आने वाले ट्रैवलर्स को ये फर्क साफ दिखाई देता है. 

ब्लॉगर की इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया दो हिस्सों में बंट गया. कुछ लोगों ने कहा कि उन्होंने भी यूरोप में ऐसा ही महसूस किया है, जबकि कुछ ने ब्लॉगर पर पक्षपाती होने का आरोप लगाया. 

वीडियो को 15 लाख से ज्यादा मिले व्यूज

विवाद बढ़ता देख बाद में ब्लॉगर ने एक और पोस्ट डालकर सफाई दी. उसने कहा, ‘मैंने बस वही कहा जो मैंने देखा. मैंने कहीं भी भारत और यूरोप की तुलना नहीं की.’ उसने आगे लिखा, ‘भारत से प्यार करने का मतलब ये नहीं कि उसकी कमियां न देखी जाएं. इसी तरह दूसरे देशों की तारीफ करने का मतलब ये नहीं कि उन्हें भगवान बना दिया जाए. बस यही उम्मीद है कि हम अपने देश के लिए भी उतनी ही ईमानदारी और जिम्मेदारी दिखाएं, जितनी हम दूसरों के लिए दिखाते हैं.’

उसकी पोस्ट को सोशल मीडिया पर जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है. अब तक 15 लाख से ज्यादा व्यूज़ और 52 हजार से ज्यादा लाइक्स उसकी पोस्ट पर मिल चुके हैं. लोग उसकी पोस्ट पर अपने-अपने अनुभव बताते हुए कमेंट कर रहे हैं. कमेंट्स में एक यूजर ने लिखा, ‘हम जापान गए थे, वहां बहुत सुरक्षित और साफ लगा. लेकिन नेपल्स और मिलान बिल्कुल उलटे थे’.

यूरोप को लेकर बंटी हुई है लोगों की राय

दूसरे यूजर ने कहा, ‘मैं पूरी तरह सहमत हूं. जापान, कोरिया, ताइवान और वियतनाम ट्रैवल के लिए कहीं ज्यादा अच्छे और पैसे की सही वैल्यू देते हैं’. वहीं एक नेटिजन ने लिखा, ‘मैं पिछले साल स्विट्ज़रलैंड और स्पेन गया था, मेरा अनुभव बिल्कुल अलग था’. कुल मिलाकर यूरोप को लेकर लोगों की राय बंटी हुई है. किसी को वह महाद्वीप घूमने के लिहाज से अच्छा लगा तो किसी को निराश करने वाला.