News in Brief

लंदन: ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज कैमरन बैनक्रॉफ्ट (Cameron Bancroft) ने साल 2018 में दक्षिण अफ्रीका दौरे पर केपटाउन टेस्ट के दौरान हुए बॉल टेंपरिंग विवाद पर एक बार फिर खुलासा कर सनसनी मचा दी है. कैमरन बैनक्रॉफ्ट (Cameron Bancroft) ने हाल ही में अपने एक इंटरव्यू में बताया कि ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को बॉल टेंपरिंग की घटना के बारे में पता था.

‘गेंदबाजों को अच्छे से पता था गेंद क्यों घूम रही’

कैमरन बैनक्रॉफ्ट (Cameron Bancroft) के खुलासे के बाद इंग्लैड के पूर्व ऑलराउंडर एंड्रयू फ्लिंटॉफ ने अपनी प्रतिक्रया दी है. एंड्रयू फ्लिंटॉफ ने कहा, ‘क्रिकेट मैच में गेंद की काफी अहम भूमिका होती है. एक गेंदबाज को अच्छे से पता होता है कि अगर गेंद घूम रही है और हरकत कर रही है तब आप मैच में बने हुए हो. अगर ऐसा नहीं हो रहा है गेंद से कोई मदद नहीं मिल रही है तब गेंदबाज के लिए भी कुछ नहीं होता है. टीम मीटिंग में अक्सर इसके बारे में चर्चा होती है.’

स्टार्क के लिए शर्मिंदगी महसूस करता हूं

एंड्रयू फ्लिंटॉफ ने कहा, ‘टीम मीटिंग में बात होती है कि कैसे मैच के दौरान गेंद को ठीक रखा जाएगा और कौन सा खिलाड़ी यह काम करेगा और अब अगर आप ऐसा कहते हैं कि टीम में बैनक्रॉफ्ट, स्मिथ और वॉर्नर के लिए अलावा किसी को कुछ नहीं पता था तो यह गलत है. अगर ऐसा है तो फिर मैं मिशेल स्टार्क के लिए शर्मिंदगी महसूस करता हूं.’

फ्लिंटॉफ ने स्टार्क पर साधा निशाना 

एंड्रयू फ्लिंटॉफ ने कहा, ‘जब स्टार्क के हाथ में गेंद थी और वह गेंद डाल रहे थे और गेंद लगातार हरकत कर रही थी तब क्या वह सोच रहे थे कि वो वसीम अकरम हैं जो वो ऐसा कर पा रहे हैं. क्या उन्हें लग रहा था कि मैं हैरान करने वाली चीज कर रहा हूं. इसलिए मुझसे ऐसा ना कहें कि स्टार्क को इस बारे में पता नहीं था. अगर मेरे हाथ में आप गेंद दोगे तो मैं बता दूंगा कि किस गेंद के साथ छेड़छाड़ हुई है.’ 

क्या था सैंडपेपर कांड?

बता दें कि दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन में 2018 में हुए बॉल टेम्परिंग (Ball Tempering) से ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट जगत में तूफान आ गया था. यह ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के अभी तक के सबसे बुरे दौर में गिना जाता है. इसी मामले के बाद तत्कालीन ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ (Steve Smith) को कप्तानी से हटा दिया गया और उन पर 12 महीने का बैन लगा दिया गया था. 

वहीं, उपकप्तान डेविड वॉर्नर (David Warner) को भी 12 महीने के लिए बैन किया गया था. सलामी बल्लेबाज कैमरून बैनक्रॉफ्ट (Cameron Bancroft) पर स्मिथ और वॉर्नर से कम बैन लगा था. उन्हें सिर्फ नौ महीने के लिए ही निलंबित किया गया था. बैनक्रॉफ्ट को गेंद पर सैंडपेपर रगड़ते हुए कैमरे में कैद किया गया था.