News in Brief

नई दिल्ली: आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (World Test Championship) फाइनल के लिए टीम इंडिया इंग्लैंड पहुंच गई है. 18 जून को साउथेम्प्टन के एजेस बाउल में दोनों टीमें एक दूसरे से दो-दो हाथ करती हुई नजर आएंगी.

इंग्लैंड पहुंचे तक टीम इंडिया की मस्ती

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भारत से टीम की यात्रा के एक छोटे वीडियो के साथ ट्वीट किया, ‘टीम इंडिया के इंग्लैंड पहुंचने पर रोमांच चरम पर है’. वीडियो में खिलाड़ियों को इंग्लैंड की लंबी यात्रा के दौरान फिल्में देखने के अलावा सोते हुए दिखाया गया है.

वीडियो में दिखाया गया है कि बेस कैंप पहुंचने के बाद खिलाड़ी आइसोलेट हो गए हैं. एजेस बाउल ही विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के लिए बेस कैंप है. इसी मैदान पर भारत को 18 जून से न्यूजीलैंड के साथ टेस्ट चैम्पियनशिप का फाइनल खेलना है.

रोहित ने सिराज को सोने नहीं दिया

इस वीडियो के दौरान सभी खिलाड़ी खुश नजर आ रहे थे लेकिन, तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को एक शिकायत थी. उन्होंने खुलासा किया कि अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने उन्हें फ्लाइट में सोते समय काफी परेशान किया, जिसके बाद तेज गेंदबाज को ठीक से नींद नहीं आई.

सिराज ने कहा, ‘हम अभी हीथ्रो (हवाई अड्डे) पर उतरे हैं और यह होटल के लिए दो घंटे की यात्रा करनी है. मैं दो घंटे सोया लेकिन फिर रोहित भाई आए और मुझे जगा दिया और उसके बाद, मुझे नींद नहीं आई. लैंडिंग से दो घंटे पहले मुझे फिर से थोड़ी नींद आई. मैं थोड़ा थक गया हूं क्योंकि कल हमने काफी भाग दौड़ की थी.