
नई दिल्ली: टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) सिर्फ एक अच्छे बल्लेबाजी ही नहीं वो एक बेहतरीन इंसान हैं. विराट अकसर लोगों की मदद के लिए आगे आते हैं. अपने खेल से करोड़ों फैंस के दिलों में राज करने वाले इस खिलाड़ी ने एक बार फिर सबका दिल जीत लिया है.
कोरोना महामारी के खिलाफ पहले से ही विराट कोहली (Virat Kohli) अभियान चला रहे हैं. इसके अलावा भी विराट मदद के लिए पीछे नहीं हट रहे. दरअसल विराट ने टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर की मां की जान बचाने में अहम भूमिका अदा की है.
विराट कोहली ने जीता दिल
हिन्दुस्तान टाइम्स में छपी खबर के हवाले से पता चला है कि विराट कोहली (Virat Kohli) ने पूर्व क्रिकेटर केएस श्रावंती नायडू (K.S Sravanthi Naidu) की मां के इलाज के लिए पैसे दिए हैं. श्रावंती की मां एसके सुमन को कोरोना है, जिसके चलते वो अस्पताल में भर्ती हैं. उनकी हालत काफी गंभीर है. ऐसे में पैसों की कमी से गुजर रहे नायडू की विराट कोहली ने आर्थिक मदद की.
दरअसल केएस श्रावंती नायडू (K.S Sravanthi Naidu) अपने माता-पिता के इलाज पर करीब 16 लाख रुपये खर्च कर चुकी है. ऐसे में श्रावंती ने मां के इलाज में मदद के लिए बीसीसीआई और हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन से मदद मांगी थी. जिसके बाद बीसीसीआई साउथ जोन की पूर्व संयोजक एन विद्या यादव ने ट्वीट के जरिए श्रवंति की मां के लिए मदद मांगी, जिसमें उन्होंने विराट कोहली को भी टैग किया.
विराट कोहली (Virat Kohli) को ट्विटर के जरिए श्रवंति की मुश्किलों का पता चला और उन्होंने तुरंत 6.77 लाख रुपये श्रावंती को दिए.
बता दें टीम इंडिया के फील्डिंग कोच आर श्रीधर ने भी श्रवंति की मां के लिए पैसे जमा किये और साथ ही उन्होंने विराट कोहली को इसके बारे में बताया.
इस बारे में विद्या यादव ने स्पोर्टस्टार को बताया, ‘ईमानदारी से कहूं तो मैं उसकी तुरंत मदद देखकर चकित थी. इतने बड़े क्रिकेटर ने इतना शानदार कदम उठाया. मैं भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के फील्डिंग कोच आर श्रीधर की भी आभारी हूं उन्होंने भी कोहली से बात की’.
विराट-अनुष्का का केटो अभियान
टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा (Anushka Sharma) ने कोविड-19 महामारी के खिलाफ देश की लड़ाई में मदद के लिए दो करोड़ रुपये का दान कर चुके हैं. इतना ही नहीं इन दोनों ने केटो अभियान के जरिए 11 करोड़ रुपये जुटाए थे. यह पैसे ऑक्सीजन सप्लाई, वेंटीलेटर और दवाओं के लिए इकट्ठे किए गए.
