
Mitchell Starc: नए साल 2026 का आगाज हो चुका है. इस साल पहला टेस्ट मुकाबला ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच होने जा रहा है. यह मैच एशेज सीरीज 2025-26 का 5वां टेस्ट है, जो सिडनी के मैदान पर होगा. ऑस्ट्रेलिया सीरीज पर 3-1 से पहले ही कब्जा कर चुका है और अब आखिरी टेस्ट जीतकर वह नए साल की सकारात्मक शुरुआत करना चाहेगा. ऑस्ट्रेलिया के लिए मिचेल स्टार्क गजब के फॉर्म में चल रहे हैं और आखिरी टेस्ट में भी वह बड़ा कमाल करना चाहेंगे. इस मैच में उनके पास न सिर्फ कंगारू टीम को जीत दिलाने का मौका होगा, बल्कि वह एक वर्ल्ड रिकॉर्ड भी ब्रेक करके इतिहास रच सकते हैं.
इंग्लैंड के खिलाफ एशेज 2025-26 में स्टार्क ने बल्लेबाजों को खूब परेशान किया है. अब वह अपने करियर में एक खास उपलब्धि हासिल करने से सिर्फ 6 कदम दूर हैं. यह रिकॉर्ड है टेस्ट क्रिकेट में बाएं हाथ के गेंदबाज द्वारा सबसे ज्यादा विकेट चटकाने का, जो फिलहाल श्रीलंकाई दिग्गज रंगना हेराथ के नाम है. हेराथ ने अपने करियर में कुल 93 टेस्ट खेले और 170 पारियों में 28.07 के औसत से 433 विकेट निकाले थे. वह इस फॉर्मेट में 12वें सबसे सफल गेंदबाज हैं. अब स्टार्क हेराथ का यह रिकॉर्ड तोड़ने की दहलीज पर खड़े हैं. उन्हें सिर्फ 6 विकेट की दरकार है.
स्टार्क ने करियर में चटकाए 428 विकेट
ऑस्ट्रेलिया के लिए मिचेल स्टार्क अब तक 104 टेस्ट खेल चुके हैं. उनके नाम 200 पारियों में 26.43 के औसत से 428 विकेट दर्ज हैं. एक पारी में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 58 रन देकर 7 विकेट रहा है. वह 18 बार 5 या उससे ज्यादा विकेट ले चुके हैं. एक टेस्ट मैच में तीन बार 10 विकेट भी अपने नाम कर चुके हैं. अगर सिडनी टेस्ट में उन्होंने 6 और विकेट निकाल लिए, तो वह टेस्ट क्रिकेट इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले बाएं हाथ के गेंदबाज बन जाएंगे.
4 मैचों में 26 विकेट ले चुके हैं स्टार्क
मिचेल स्टार्क इन दिनों जबरदस्त फॉर्म में हैं. एशेज 2025-26 के चार मैचों में उन्होंने 26 विकेट निकाले हैं. इंग्लैंड के बल्लेबाज उनके सामने बेबस नजर आए हैं. 2 बार वह एक पारी में 5 या उससे ज्यादा विकेट झटक चुके हैं. इस सीरीज में स्टार्क दूसरे पायदान पर काबिज ब्राइडन कार्स से 7 विकेट आगे हैं. ये आंकड़े साफ बताते हैं कि फिलहाल उनके आसपास कोई दूसरा गेंदबाज नहीं है. अब सिडनी के मैदान पर भी स्टार्क कहर बरपाते नजर आ सकते हैं.
ये भी पढ़ें: क्रिकेट का असंभव रिकॉर्ड! ODI में इकलौता तिहरा शतक…99 फीसदी फैंस नहीं जानते इस खूंखार बल्लेबाज का नाम
