News in Brief

नई दिल्ली: टीम इंडिया (Team India) के ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी के लिए तैयार है. जडेजा न्यूजीलैंड के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेलेंगे और उसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टेस्ट सीरीज. 

ऑस्ट्रेलिया दौरे पर रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) चोटिल हो गए थे, जिसके बाद वह 6 हफ्ते के लिए टीम से बाहर थे. इंग्लैंड के खिलाफ भी जडेजा चार मैचों की टेस्ट सीरीज का हिस्सा नहीं थे. आईपीएल 2021 में जडेजा ने वापसी की और जबर्दस्त खेल दिखाया. अब वो इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी के लिए पूरी तरह तैयार हैं.

जडेजा ने बदला लुक

24 मई से रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) 8 दिन के क्वारंटाइन में होंगे, जिसके बाद वो 2 जून को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेलने के लिए रवाना होंगे. इसके बाद जडेजा इंग्लैंड के खिलाफ भी टेस्ट सीरीज खेलेंगे. ऐसे में इस दौरे पर निकलने से पहले जडेजा ने अपना स्टाइल बदल लिया है.

रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) ने इंस्टाग्राम पर अपनी नई लुक का फोटो शेयर किया है. फैंस को उनका ये अंदाज बेहद पसंद आ रहा है. सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है.

आईपीएल में जडेजा का दमदार प्रदर्शन

रवींद्र जडेजा ने खेले गए आईपीएल 2021 सीजन के 7 मैचों में 131 की औसत से 131 रन बनाए, जिसमें 1 अर्धशतक भी शामिल है. इसके अलावा जडेजा ने 7 मैचों में 6 विकेट भी अपने नाम किए. वहीं, जडेजा ने कुल 8 कैच पकड़े. एक मैच में तो उन्होंने 4 कैच पकड़ने का कारनामा किया.

18 जून को साउथेम्प्टन में WTC Final

चयनकर्ताओं ने अभिमन्यु ईश्वरन, प्रसिद्ध कृष्णा, आवेश खान और अर्जन नगवासवाला को भी स्टैंडबाय के तौर पर टीम में रखा है. अपेंडिक्स का ऑपरेशन कराने वाले केएल राहुल और कोरोना संक्रमित ऋद्धिमान साहा को टीम में रखा गया है बशर्ते वे पूरी तरह फिट हो जाएं. जडेजा और विहारी को ऑस्ट्रेलिया दौरे पर चोट लगी थी. न्यूजीलैंड के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल 18 जून को साउथेम्प्टन में खेला जाएगा, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज चार अगस्त से शुरू होगी.

टीम इस प्रकार है:

रोहित शर्मा, शुभमन गिल, मयंक अग्रवाल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली (कप्तान), अजिंक्य रहाणे (उप-कप्तान), हनुमा विहारी, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), आर. अश्विन, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, ईशांत शर्मा, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, शार्दुल ठाकुर, उमेश यादव, केएल राहुल (फिटनेस क्लीयरेंस के अधीन), ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर, फिटनेस क्लीयरेंस के अधीन).

स्टैंडबाई खिलाड़ी: अभिमन्यु ईस्वरन, प्रसिद्ध कृष्णा, अवेश खान, अर्जन नागवासवाला.