News in Brief

WPL 2026 Playoffs Scenario: महिला प्रीमियर लीग 2026 अब उस स्टेज पर है, जहां से हर मैच के नतीजे प्लेऑफ की लिहाज से काफी अहम है. WPL 2026 के 17वें मुकाबले में गुजरात जायंट्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 3 रन से हरा दिया. आखिरी गेंद तक चले इस रोमांचक मुकाबले में एशले गार्डनर की टीम ने बाजी मार ली और अब प्लेऑफ में उनका टिकट लगभग कन्फर्म हो चुका है. वहीं, इस हार के बाद दिल्ली कैपिटल्स की गाड़ी एक बार फिर पटरी से उतर चुकी है. 

दिल्ली कैपिटल्स इकलौती ऐसी टीम है जिन्होंने अभी तक WPL के हर सीजन में फाइनल तक का सफर तय किया है. खिताब जीतने का सपना अभी भी अधूरा है, लेकिन फिलहाल जेमिमा रोड्रिग्स की टीम प्लेऑफ की रेस में पिछड़ गई है. बता दें कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पहले ही लगातार 5 मैच जीतकर प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली है.

गुजरात जायंट्स ने लगाई छलांग

Add Zee News as a Preferred Source

मंगलवार को हुए मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को हराकर गुजरात जायंट्स ने पॉइंट्स टेबल पर जबरदस्त छलांग लगाई है. गार्डनर की टीम ने अभी तक 7 मैच खेले हैं. 4 में जीत मिली है, जबकि 3 में हार का सामना करना पड़ा है. 8 अंक के साथ वो दूसरे स्थान पर हैं. गुजरात जायंट्स का लीग स्टेज में आखिरी मुकाबला शुक्रवार, 30 जनवरी को मुंबई इंडियंस से होगा. उन्होंने एक पैर तो प्लेऑफ में रख दिया है, लेकिन अंतिम मैच में जीत के साथ इसे कन्फर्म करना चाहेगी. अगर मुंबई के खिलाफ उन्हें हार मिलती है तो फिर उन्हें ये दुआ करनी होगी कि यूपी वॉरियर्स के खिलाफ मैच में दिल्ली कैपिटल्स को हार मिले.

मुंबई-दिल्ली के लिए क्या है समीकरण?

डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस और तीन बार की फाइनलिस्ट दिल्ली कैपिटल्स कि स्थिति फिलहाल एक समान है. दोनों के 7-7 मैचों में 6 अंक हैं और नेट रनरेट के हिसाब से मुंबई इंडियंस तीसरे और दिल्ली कैपिटल्स चौथे स्थान पर हैं. हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम को प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए आखिरी मैच में गुजरात जायंट्स को हराना होगा. दिल्ली कैपिटल्स के लिए भी यही समीकरण है. उन्हें भी लीग स्टेज के आखिरी मुकाबले में यूपी वॉरियर्स को मात देनी होगी. 

अगर मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स अपने आखिरी मैच में जीत हासिल करती है तो इस स्थिति में दोनों प्लेऑफ में क्वालिफाई कर जाएगी और गुजरात जायंट्स का सफर समाप्त हो जाएगा. वहीं RCB का अगला मुकाबला 29 जनवरी को यूपी वॉरियर्स से होगा. स्मृति मंधाना की टीम ग्रुप स्टेज में अपना सफर शिखर पर रहते हुए खत्म करना चाहेगी. लगातार 5 जीत के बाद उन्हें पिछले दो मैचों में करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है.

ये भी पढ़ें: IND vs NZ: सीरीज गंवाने के बाद अपनी सबसे मजबूत प्लेइंग 11 उतारेगा न्यूजीलैंड, ये 3 खिलाड़ी बदलेंगे किस्मत?