टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को नागपुर में खेले गए पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में 48 रन से हरा दिया. इसी के साथ ही भारतीय टीम ने पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली. टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम ने अभिषेक शर्मा और रिंकू सिंह की तूफानी पारियों के दम पर 7 विकेट खोकर 238 रन बनाए. इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 190 रन ही बना सकी. न्यूजीलैंड के खिलाफ इस मैच में जीत के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बड़ा बयान दिया है.
टीम के मास्टरप्लान का खुलासा
जीत पर खुशी जताते हुए सूर्यकुमार यादव ने टीम इंडिया के बल्लेबाजों की तारीफ की है. सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल करने के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा, ‘मुझे लगता है कि जब हम बोर्ड पर शानदार रन लगाते हैं तो यह हमेशा फायदेमंद होता है. अगर मैदान पर थोड़ी ओस हो, तो वह हमारे लिए बड़ा सकारात्मक पहलू बन जाता है. जिस तरह से हमने बल्लेबाजी की, पावरप्ले में दबाव में आने के बाद भी मैच को खींचा और उसके बाद सभी बल्लेबाजों ने रुककर नहीं खेला.’ सूर्या ने इस मुकाबले में 32 रन बनाए.
मैच के बाद कप्तान सूर्या ने दिया ऐसा बयान
अपनी बल्लेबाजी को लेकर कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा, ‘जब मैं बैटिंग करने उतरा तो मुझे काफी अच्छा महसूस हुआ. मेरे लिए यह बल्लेबाजी करने का बिल्कुल सही समय था. मैं पहले भी ऐसे हालात में बल्लेबाजी करता रहा हूं. मैंने नेट्स में बहुत अच्छी बल्लेबाजी की. मैंने जो भी शॉट्स खेले, उनकी मैं पिछले 2–3 हफ्तों से अच्छी प्रैक्टिस कर रहा हूं.’ फील्डिंग को लेकर सूर्या ने कहा, ‘हम इस एक विभाग में लगातार सुधार करने की कोशिश करते रहते हैं. जब भी मैदान पर उतरते हैं, बेहतर होने की कोशिश करते हैं. मैं खिलाड़ियों की कोशिश से बहुत खुश हूं.’
मिचेल सैंटनर ने न्यूजीलैंड की हार पर क्या कहा?
दूसरी ओर, करारी हार के बाद कीवी कप्तान मिचेल सैंटनर ने कहा, ‘आपको जीतना ही होता है. हमारे लिए यह एक अच्छा मुकाबला रहा. पिछले 2 वर्षों में भारत का रिकॉर्ड शानदार रहा है. मैं जीपी (ग्लेन फिलिप्स) और चैपी (मार्क चैपमैन) की पारी से खुश था. गेंदबाजी में हम पर दबाव बनाया गया. भारत के खिलाफ पहली गेंद से ही पूरी तरह तैयार रहना पड़ता है.’ न्यूजीलैंड के कप्तान ने भारतीय पारी का अंतिम ओवर डेरिल मिचेल को सौंपा, जिन्होंने 21 रन लुटाए. इस पर कीवी कप्तान ने कहा, ‘अंतिम ओवर (डेरिल) मिचेल से करवाना परिस्थितियों के हिसाब से सही रहा, क्योंकि उन्होंने स्पिन पर आक्रमण किया. (जैकब) डफी ने अपनी क्लास दिखाई है. मुझे अब भी 8वें नंबर पर बल्लेबाजी पसंद है, क्योंकि हमारे पास आगे आने के लिए और खिलाड़ी हैं.’
