Donald Trump: 20 जनवरी 2024… वह ऐतिहासिक दिन जब डोनाल्ड ट्रंप ने दूसरी बार अमेरिकी राष्ट्रपति पद की कमान संभाली. अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल का एक साल पूरा हो चुका है. हालांकि, अपने एक साल में ट्रंप किसी न किसी कारण सुर्खियों में जरूर बने रहे. इससे पहले ट्रंप 20 जनवरी 2017 से 20 जनवरी 2021 तक पहली बार अमेरिका के राष्ट्रपति के तौर पर काम कर चुके थे. अपने पहले कार्यकाल के दौरान शांत और सामान्य नेता जैसे व्यहार करने वाले ट्रंप दूसरे कार्यकाल में आक्रामक नजर आए.  

डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले एक साल में एक से बढ़कर एक फैसले लिए. ट्रंप के कई फैसलों ने दुनिया के कई देशों को सीधा प्रभावित किया है. ट्रंप के अंदाज और फैसले लेने की आदत को देखते हुए कोई भी यह नहीं बता सकता है कि उनका अगला कदम क्या होगा और वह आगे किसको कब निशाना बनाएंगे. ट्रंप ने गत एक वर्ष में दुनिया के कई देशों पर मनमाना टैरिफ लगाया, वेनेजुएला पर हमला किया और वहां के राष्ट्रपति और उनकी पत्नी को गिरफ्तार कर अमेरिका लाया गया, पनामा कैनाल को वापस लेना, कनाडा को 51वां राज्य बनाने को कहना ये कुछ ऐसे फैसले और इच्छाएं हैं, जिसके कोई तार्किक अर्थ तो नहीं समझ आते, बल्कि एक निजी महात्वाकांक्षा और अहंकार जरूर देखने को मिलता है. 

सुलग रहा है ग्रीनलैंड का मुद्दा 

Add Zee News as a Preferred Source

वर्तमान में सबसे अधिक गर्म मामला ग्रीनलैंड का है. डोनाल्ड ट्रंप का दावा है कि अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए ग्रीनलैंड पर कब्जा करना आवश्यक है. ट्रंप ने यह भी तर्क दिया है कि ग्रीनलैंड के आसपास रूस और चीन के युद्धपोत और सबमरीन देखे जा रहे हैं. यही कारण है कि यदि अमेरिका ने ग्रीनलैंड पर कब्जा नहीं किया, तो इस पर चीन का कब्जा हो जाएगा और अगर ऐसा होता है तो वह अमेरिकी सुरक्षा के लिए काफी खतरा होगा. इस बात पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए ग्रीनलैंड के पिटुफिक में अमेरिका ने अपना सैन्य बेस भी बनाया हुआ है. यहां पर  अमेरिकी सेना, रडार, एयर डिफेंस और स्पेस सिस्टम पहले से तैनात हैं. 

अमेरिका और यूरोप के बीच बढ़ा तनाव 

ग्रीनलैंड के मुद्दे पर पूरा यूरोप एक साथ आ खड़ा हुआ है, यहां तक की ब्रिटेन भी अमेरिका के खिलाफ बोल रहा है. हाल में ही फ्रांस, नार्वे और जर्मनी ने अपने सैनिकों को ग्रीनलैंड भेजा है, तो वहीं अमेरिका ने भी अपने सैन्य बेस पर मिलिट्री भेजी है. इससे तनाव काफी बढ़ गया है. डेनमार्क के पास ग्रीनलैंड के सुरक्षा की जिम्मेदारी है. वह भी विभिन्न प्रकार के हथियारों को वहां भेज रहा है. ऐसे में माना जा रहा है कि कहीं न कहीं ग्रीनलैंड अमेरिका और यूरोप के बीच टकराव का जिम्मेदार हो सकता है. यूरोप और यूएस के बीच इस प्रकार का तनाव देखने को कभी मिल सकता है, पूरी दुनिया में किसी ने इस बात की कल्पना तक नहीं की थी. एक कहावत कही जाती है कि जिसके पास ऐसा दोस्त हो, उसको किसी दुश्मन की आवश्यकता नहीं होती है. जो यहां पर चरितार्थ होती नजर आ रही है. 

यह भी पढ़ें: मिडिल ईस्ट में बदलने जा रहे समीकरण! तुर्की और कतर के साथ गाजा बोर्ड ऑफ पीस में इजरायल भी होगा शामिल; नेतन्याहू ने दुनिया को चौंकाया

ट्रंप का टैरिफ वाला दांव 

डोनाल्ड ट्रंप ने एक साल में जो-जो फैसले लिए है, उसके बाद दुनिया तो छोड़िए अमेरिका के लोग कह रहे हैं कि अगले तीन साल कैसे गुजरेंगे इसको लेकर कुछ कहा नहीं जा सकता है. ट्रंप के कुछ फैसले से भारत भी अछूता नहीं रहा है. पीएम मोदी ने हमेशा ट्रंप को दोस्त कहा है, बावजूद इसके अमेरिकी राष्ट्रपति ने भारत पर सबसे अधिक टैरिफ लगाया. भारत को लेकर उन्होंने खिसायहट भरा फैसला लिया था. भारत और पाकिस्तान युद्ध रुकवाने का क्रेडिट न मिलने पर वह नाराज दिखे. इस नाराजगी के कारण उन्होंने भारत पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाने का फैसला लिया. अभी इतने से ही ट्रंप का मन नहीं भरा, उन्होंने कहा कि अगर भारत रूस से तेल खरीदना नहीं बंद करता है तो वह और टैरिफ लगा सकते हैं. हालांकि, भारत ने स्पष्ट किया है कि चाहे जितना टैरिफ लगाएं, लेकिन भारत अपनी रणनीतिक स्वायत्तता के साथ किसी प्रकार का कोई समझौता नहीं करेगा. ट्रंप का ऐसा रुख देखते हुए भारत ने व्यापार के लिए अन्य विकल्पों को तलाशने का काम किया है. भारत और EU के बीच FTA होने पर लगभग बात बन गई है, जो ट्रंप के लिए किसी झटके से कम नहीं होगा. 

जब ट्रंप का दांव पड़ा उल्टा… 

गौरतलब है कि ट्रंप ने पहले माना कि भारत उनकी हां में हां मिलाएगा और अमेरिका के साथ व्यापार समझौता करने के लिए उनका खुशामद करेगा जाएगा. कुछ रिपोर्ट्स में बताया गया है कि ट्रंप पीएम मोदी की कॉल का इंतजार कर रहे थे, जिससे दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते पर बात बनें, हालांकि भारत ने स्पष्ट कर दिया था कि वह अमेरिका के साथ कोई भी व्यापार समझौता करन के लिए जल्दी में नहीं है. इन सब घटनाक्रमों से स्पष्ट है कि अमेरिका ने भारत को अपने दबाव में लेने के लिए कई दांव चले, लेकिन सभी उल्टे पड़े. हालांकि, इस बात से भी इनकार नहीं किया जा सकता है कि बीते करीब दो दशकों में अमेरिका और भारत के रिश्ते काफी सुधरे थे, लेकिन ट्रंप के कुछ फैसलों के कारण दोनों देशों के बीच गांठ पड़ गई. अब दोनों देशों के रिश्ते निचले स्तर पर आते दिख रहे हैं. ट्रंप ने पिछले एक साल में जो भी फैसला लिया है, उससे साफ है कि उनपर किसी भी कीमत पर भरोसा नहीं किया जा सकता है. 

यह भी पढ़ें: ‘अगर आप टेबल नहीं होंगे तो मेन्यू पर होंगे…,’ कनाडाई पीएम की अमेरिका के खिलाफ बड़ी चेतावनी, टैरिफ पर दुनिया को दिया बड़ा संदेश