
अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के तीन इलाकों में जहरीली शराब ने अभी तक 28 ग्रामीणों की जान ले ली है. शुक्रवार सुबह से चल रहा मौतों का सिलसिला रात के तीन बजे तक जारी रहा. इस मामले में अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. जिलाधिकारी ने मामले की मैजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं. जिले के आबकारी अधिकारी समेत पांच अन्य को सस्पेंड किया गया है.
जिला आबाकारी अधिकारी समेत 5 सस्पेंड
लापरवाही के आरोप में सरकार ने जिला आबाकारी अधिकारी धीरज शर्मा, आबकारी निरीक्षक राजेश यादव, प्रधान सिपाही अशोक कुमार, निरीक्षक जय प्रकाश यादव और सिपाही रामराज राना को निलंबित कर दिया है. इस मामले में शराब की दुकान के मालिक समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. जिलाधिकारी ने मृतकों के परिजनों को पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है.
दोषियों पर लगेगा रासुका
अलीगढ़ के जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने पत्रकारों को बताया कि घटना की समयबद्ध मजिस्ट्रेटी जांच का आदेश दे दिया गया है और यह जांच अपर जिलाधिकारी स्तर के एक अधिकारी द्वारा की जाएगी. उन्होंने कहा कि जांच में दोषी पाये जाने वाले लोगों के खिलाफ प्रशासन राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) लगा सकता है.
क्या है मामला?
जहरीली शराब से मौत की पहली सूचना बीते शुक्रवार सुबह 8 बजे लोधा थाना क्षेत्र के गांव करसुआ और खैर थाना क्षेत्र के गांव अंडला से मिली. पुलिस के साथ आबकारी टीम, डीआईजी दीपक कुमार, डीएम चंद्रभूषण सिंह, एसएसपी कलानिधि नैथानी मौके पर पहुंचे और बीमार लोगों को अस्पताल में भिजवाया. इसी बीच पता चला कि गांव के बाहर आईओसी बॉटलिंग प्लांट पर कंटेनरों के दो चालक लापता हैं. उन्हें पुलिस ने खोजा तो वे कंटेनेरों में ही बेसुध पड़े थे.
जहरीली शराब मामले में मध्य रात्रि के बाद तक मौतों का सिलसिला जारी रहा. रात तीन बजे तक मृतक संख्या 28 पहुंच गई थी जिसका आधिकारिक अपडेट जारी कर दिया गया.
संपत्ति कुर्क की कार्रवाई शुरू
वहीं, इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार की है. जबकि दो आरोपी फरार चल रहे हैं, जिनपर 50-50 हजार का इनाम घोषित किया गया है. आरोपियों की तलाश में रात भर पुलिस की तीन टीम अलग-अलग जगहों पर दबिश देती रही. पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है.आरोपियों के खिलाफ एनएसए और संपत्ति कुर्क की कार्रवाई शुरू हो गई है.
वाराणसी: काशी की हवा देशभर में सबसे साफ, शुक्रवार को एक्यूआई 28 तक पहुंचा
WATCH LIVE TV
