Missile explosions in japan sea: उत्तर कोरिया ने एक बार फिर मिसाइल परीक्षण कर क्षेत्र में तनाव बढ़ा दिया है. मंगलवार को उत्तर कोरिया ने समुद्र की ओर संदिग्ध बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं. पड़ोसी देशों जापान और दक्षिण कोरिया ने इसकी पुष्टि की है. जापान के प्रधानमंत्री कार्यालय और रक्षा मंत्रालय ने बताया कि उत्तर कोरिया की ओर से संभावित बैलिस्टिक मिसाइलें छोड़ी गई हैं. वहीं दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसने उत्तर कोरिया के पूर्वी तट के पास कम से कम एक अज्ञात प्रोजेक्टाइल का पता लगाया है. फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि ये मिसाइलें कितनी दूर तक गई थी.

दोनों देशों ने लगाया एक दूसरे पर आरोप
ये ऐसे समय हुआ है जब उत्तर और दक्षिण कोरिया के बीच रिश्ते पहले से ही काफी तनावपूर्ण हैं. हाल ही में उत्तर कोरिया ने दक्षिण कोरिया पर आरोप लगाया था कि उसने उसकी सीमा के अंदर निगरानी ड्रोन उड़ाए हैं. उत्तर कोरिया के मुताबिक एक ड्रोन जनवरी में और दूसरा सितंबर में उसकी सीमा में घुसा था. इसके जवाब में उत्तर कोरिया ने कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी थी. हालांकि दक्षिण कोरिया की सरकार ने इन आरोपों को खारिज किया है. उसने कहा कि उन तारीखों में सरकारी स्तर पर कोई ड्रोन नहीं उड़ाया गया था. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं ये ड्रोन किसी आम नागरिक की ओर से तो नहीं भेजे गए थे.

विशेषज्ञों का मानना है कि ड्रोन को लेकर लगाए गए आरोप दरअसल दक्षिण कोरिया के खिलाफ माहौल बनाने की रणनीति हो सकते हैं. उत्तर कोरिया जल्द ही अपनी सत्तारूढ़ वर्कर्स पार्टी की बड़ी बैठक करने वाला है. यह बैठक पिछले पांच साल में पहली बार होने जा रही है. माना जा रहा है कि इस बैठक से पहले देश के भीतर और बाहर कड़ा संदेश देने के लिए इस तरह की सैन्य गतिविधियां की जा रही हैं. जानकारों का कहना है कि इस बैठक में उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन कोरियाई प्रायद्वीप को लेकर दो-राज्य की नीति को पार्टी के संविधान में शामिल कर सकते हैं. अगर ऐसा हुआ तो यह एक बड़ा राजनीतिक बदलाव माना जाएगा.

Add Zee News as a Preferred Source

लगातार खतरनाक हथियारों का परीक्षण
इस महीने की शुरुआत में भी उत्तर कोरिया ने हथियारों से जुड़े कई परीक्षण किए थे. उसने हाइपरसोनिक मिसाइलों की परीक्षण उड़ानों का दावा किया था. इन परीक्षणों को खुद किम जोंग उन ने देखा था. सरकारी मीडिया के मुताबिक किम ने देश की परमाणु युद्ध क्षमता को और मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया था. इससे पहले दिसंबर में उत्तर कोरिया ने लंबी दूरी की रणनीतिक क्रूज मिसाइलें और नई एंटी-एयर मिसाइलों का भी परीक्षण किया था. साथ ही पहली परमाणु ऊर्जा से चलने वाली पनडुब्बी के निर्माण की तस्वीरें भी जारी की गई थीं.

विश्लेषकों का कहना है कि उत्तर कोरिया अपनी हथियार विकास की उपलब्धियों को दुनिया के सामने दिखाना चाहता है. पार्टी कांग्रेस से पहले इन परीक्षणों के जरिए वह अपनी सैन्य ताकत का प्रदर्शन कर रहा है. इससे न केवल घरेलू समर्थन मजबूत करने की कोशिश हो रही है, बल्कि अमेरिका, दक्षिण कोरिया और जापान जैसे देशों को भी सख्त संदेश दिया जा रहा है. आने वाले दिनों में उत्तर कोरिया की गतिविधियों पर पूरी दुनिया की नजर बनी रहेगी.

यह भी पढ़ें: पहले सीना ठोकर ट्रंप का किया विरोध, अब चीन से मदद मांगने जा रहे कीर स्टार्मर, अमेरिका- ब्रिटेन में खुलकर होगी दुश्मनी या बचा लेंगे शी जिनपिंग?