News in Brief

Australia vs England Ashes Series: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 टेस्ट मैचों की एशेज सीरीज में 0-3 से पिछड़ने वाली इंग्लैंड की टीम मेलबर्न में भी बुरी स्थिति में है. मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर शुक्रवार (26 दिसंबर) को चौथे टेस्ट के पहले दिन 20 विकेट गिरे. टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी कंगारू टीम 152 रनों पर सिमट गई. इंग्लैंड की टीम इसके बाद पहली पारी में 110 रनों पर सिमट गई. ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में स्टंप के समय 4/0 का स्कोर बनाकर दूसरी पारी में कुल 46 रनों की बढ़त हासिल कर ली.

दिग्गज क्रिकेटर का फूटा गुस्सा

इंग्लैंड ने अपने बल्लेबाजी क्रम में प्रयोग करते हुए युवा खिलाड़ी जैकब बेथेल को तीसरे नंबर पर उतार दिया. वह 5 गेंद पर 1 रन बनाकर आउट हो गए. बेथेल को तीसरे नंबर पर भेजने के फैसले की चौतरफा आलोचना हो रही है. इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल अथर्टन ने बेथेल को नंबर 3 पर लाने के फैसले पर सवाल उठाया. उन्होंने कहा, ”वह जाहिर तौर पर बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं, लेकिन मुझे लगता है कि वह कुछ भी नहीं कर पाए. वह एक ऐसे खिलाड़ी है जिन्होंने पिछले 12 महीनों से मुश्किल से ही कोई फर्स्ट-क्लास क्रिकेट खेला है और अब उन्हें लगभग 95,000 दर्शकों के सामने गेंदबाजों के लिए बहुत मददगार पिच पर नंबर 3 पर उतारा गया है.”

Add Zee News as a Preferred Source

ये भी पढ़ें: भारत का नाम लेकर पीटरसन ने ऑस्ट्रेलिया पर किया हमला, टीम इंडिया के करोड़ों फैंस को मिलेगी ठंडक

जो रूट को नंबर-3 पर भेजने की सिफारिश

बेथेल ने न्यूजीलैंड दौरे पर नंबर 3 पर तीन फिफ्टी लगाईं और खराब फॉर्म में चल रहे ओली पोप की जगह ली, लेकिन अथर्टन को हैरानी हुई कि क्या यह फैसला सही था? उन्होंने कहा, ”क्या उन्हें इस मैच में नंबर 3 पर होना चाहिए था? खैर उन्होंने न्यूज़ीलैंड में खुद को काफी अच्छे से संभाला, लेकिन आप यह भी कह सकते थे- जो रूट, आप ऊपर जाओ. यह बात पहले भी कही जा चुकी है और मुझे नहीं लगता कि इंग्लैंड इस बारे में सोचना चाहेगा, क्योंकि उन्होंने नंबर 4 पर इतना अच्छा किया है, लेकिन मुझे उस युवा खिलाड़ी के लिए बुरा लगा. मुझे नहीं लगा कि यह बिल्कुल भी आसान काम था.”

ये भी पढ़ें: दीप्ति शर्मा ने की वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी, यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय

आईपीएल में खेलने पर आलोचना

बेथेल ने इस दौरान इंग्लैंड के लिए सिर्फ पांच टेस्ट खेले हैं और जिम्बाब्वे के खिलाफ एकमात्र टेस्ट में उन्हें नंबर 3 पर खेलने का मौका मिला था. हालांकि, इसके बाद इंग्लैंड ने तय किया कि उनके लिए आईपीएल में आरसीबी के साथ रहना ही सबसे अच्छा है. इसकी अथर्टन ने आलोचना की थी. उन्होंने कहा, ”यह कहना कोई बड़ी बात नहीं है कि हम बेथेल के मैनेजमेंट की आलोचना करते रहे हैं. जिस तरह से उन्हें नजरअंदाज किया गया और मुश्किल से ही खिलाया गया, वह अजीब है.”