Trump Iran Statement: ईरान में पिछले कई दिनों से हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं. इसी बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि उन्हें भरोसेमंद जानकारी मिली है. व्हाइट हाउस में एक दस्तावेज पर हस्ताक्षर के दौरान ट्रंप ने कहा कि उन्हें बताया गया है कि ईरान में अब लोगों की हत्या नहीं की जा रही है. उन्होंने साफ किया कि न तो किसी को फांसी देने की तैयारी है और न ही किसी तरह की सामूहिक सजा की योजना है. ट्रंप के इस बयान के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस मुद्दे पर चर्चा तेज हो गई है.
ईरान में 20वें दिन भी जारी प्रदर्शन
ईरान में विरोध प्रदर्शन को शुरू हुए 20 दिन हो चुके हैं. शुरुआत में ये प्रदर्शन महंगाई और ईरानी मुद्रा की कीमत गिरने को लेकर शुरू हुए थे. धीरे-धीरे ये आंदोलन पूरे देश में फैल गया. खबरों के मुताबिक अब तक 280 से ज्यादा जगहों पर विरोध और प्रदर्शन हो चुके हैं. कई शहरों में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं.
संयुक्त राष्ट्र में ईरान की शिकायत
ईरान ने अमेरिका के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद और संयुक्त राष्ट्र महासचिव से औपचारिक शिकायत की है. ईरान का आरोप है कि अमेरिका हिंसा को बढ़ावा दे रहा है. उसके आंतरिक मामलों में दखल दे रहा है. सैन्य कार्रवाई की धमकी दे रहा है. यह शिकायत ईरान के संयुक्त राष्ट्र मिशन की ओर से एक आधिकारिक पत्र के जरिए दी गई है.
बता दें कि जहां एक तरफ ट्रंप ने कहा कि फांसी की कोई योजना नहीं है, वहीं कुछ मीडिया रिपोर्ट्स और मानवाधिकार संगठनों का दावा है कि ईरान सरकार ने बुधवार को एक प्रदर्शनकारी को फांसी देने का फैसला किया है. न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार बड़े पैमाने पर गिरफ्तार किए गए प्रदर्शनकारियों में से एक को फांसी दी जा सकती है. इससे हालात और गंभीर हो सकते हैं.
भारत में ईरानी दूतावास का बयान
इसी बीच भारत में ईरान के दूतावास ने अमेरिका के फैसलों पर कड़ा बयान जारी किया है. दूतावास ने कहा कि अमेरिका द्वारा कई अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं से बाहर निकलना और बेबुनियाद टैरिफ लगाना दुनिया के लिए खतरा बनता जा रहा है. ईरान का कहना है कि अमेरिका की ये नीतियां वैश्विक व्यवस्था को कमजोर कर रही हैं. इसका असर छोटे-बड़े सभी देशों पर पड़ेगा.
ईरानी दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि अमेरिका के एकतरफा फैसले दुनिया को गलत दिशा में ले जा रहे हैं. अगर देश चुप रहते हैं और कोई कदम नहीं उठाते तो हालात और खराब हों जाएंगे. ईरान ने चेतावनी दी है कि ये नीतियां देर-सवेर हर देश को प्रभावित करेंगी.
यह भी पढ़ें: अरे ये क्या! धमकी के बीच ईरान कर रहा गनफायर ड्रिल, US मिडिल ईस्ट के बेस से समेट रहा बोरिया बिस्तर
