News in Brief

मयंक राय/हरिद्वार: देश के दक्षिणी और पश्चिमी राज्यों में तबाही मचा चुका चक्रवाती तूफान ताउते का असर अब अंदरूनी हिस्सों पर भी देखने को मिल रहा है. राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश के बाद पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में भी असर देखने को मिल रहा है. यहां मौसम ने करवट बदल ली है. मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी जारी की है.

हरिद्वार में मूसलाधार बारिश
आज सुबह से ही हरिद्वार में बारिश का दौर शुरू हो चुका है. तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बरसात का क्रम जारी है. आसमान में काले घने बादल छाए हुए हैं तो जमकर बरसात भी हो रही है. मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश के अलग अलग जिलों में बारिश का क्रम आज भी जारी रहने वाला है. 

आज भी प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश के आसार
आसमान में काले बादल छाए हुए हैं. मौसम विभाग के अनुसार आज भी प्रदेश के कई जिलों में हैं बारिश के आसार. दोपहर बाद मौसम में बदलाव आने की उम्मीद है.

नहीं खुल सका हल्द्वानी-नैनीताल एनएच 87 मार्ग

उधर हल्द्वानी में भारी बारिश के वजह से बंद हुआ हल्द्वानी-नैनीताल एनएच 87 करीब 20 घंटे बाद भी नहीं खुल सका है. लगातार हो रही बारिश के चलते मलबा हटाने का काम बाधित रहा. पहाड़ी से लगातार मलबा गिर रहा है. एसडीआरएफ औऱ पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है. हाईवे खोलने का प्रयास जारी है.

मौसम विभाग के मुताबिक, हिमाचल, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिम यूपी, उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर कहीं छिटपुट तो कहीं अत्यधिक बारिश और पंजाब, पूर्वी यूपी और उत्तरी राजस्थान में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.

WATCH LIVE TV