टी20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने में अभी कुछ ही दिनों का समय बाकी रह गया है. 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका की धरती पर ICC के इस ग्लोबल इवेंट का आगाज होगा. टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला 8 मार्च को खेला जाएगा. तीन दिग्गज खिलाड़ी ऐसे हैं, जो संभवत: इस बार अपना आखिरी टी20 वर्ल्ड कप खेलते नजर आ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं इन 3 खिलाड़यों पर-
1. ग्लेन मैक्सवेल (ऑस्ट्रेलिया)
ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल 37 साल के हैं और संभवत: वह अपना आखिरी टी20 वर्ल्ड कप खेल रहे हैं. अगला टी20 वर्ल्ड कप टूर्नामेंट साल 2028 में खेला जाएगा, तब तक ग्लेन मैक्सवेल 39 साल के हो चुके होंगे. इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि ऑस्ट्रेलिया के चयनकर्ता 2028 टी20 वर्ल्ड कप में ग्लेन मैक्सवेल को मौका देंगे या नहीं. ग्लेन मैक्सवेल ने अभी तक ऑस्ट्रेलिया के लिए 126 टी20 मैचों में खेलते हुए 2835 रन बनाए हैं और 49 विकेट भी चटकाए हैं.
2. ब्रेंडन टेलर (जिम्बाब्वे)
जिम्बाब्वे के दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर भी संभवत: अपना आखिरी टी20 वर्ल्ड कप खेल रहे हैं. ब्रेंडन टेलर की उम्र अभी 39 साल है. साल 2028 में होने वाले अगले टी20 वर्ल्ड कप में इस विकेटकीपर बल्लेबाज को मौका मिलने की उम्मीद बेहद कम नजर आ रही है. ब्रेंडन टेलर ने अभी तक जिम्बाब्वे के लिए 58 टी20 मैचों में खेलते हुए 1185 रन बनाए हैं.
3. मोहम्मद नबी (अफगानिस्तान)
41 साल के मोहम्मद नबी टी20 वर्ल्ड कप 2026 टूर्नामेंट में अफगानिस्तान के लिए खेलते नजर आएंगे. मोहम्मद नबी संभवत: अपना आखिरी टी20 वर्ल्ड कप खेल रहे हैं. मोहम्मद नबी ने अभी तक अफगानिस्तान के लिए 148 टी20 मैचों में खेलते हुए 2430 रन बनाए हैं और 104 विकेट भी चटकाए हैं. अगला टी20 वर्ल्ड कप टूर्नामेंट साल 2028 में खेला जाएगा, तब तक मोहम्मद नबी 43 साल के हो चुके होंगे. 43 साल की उम्र में उनके लिए अगला टी20 वर्ल्ड कप खेलना संभव नहीं हो सकता है.
