Sharif Osman Hadi murder case: बांग्लादेश में इंकलाब मोंचो के प्रवक्ता शरीफ उस्मान हादी की हत्या के मामले में तेजी से न्याय सुनिश्चित करने के लिए अंतरिम सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. कानून सलाहकार आसिफ नजरुल ने घोषणा की कि इस हत्याकांड की सुनवाई स्पीडी ट्रायल ट्रिब्यूनल के तहत होगी. जानते हैं पूरी कहानी.

इंकलाब मोंचो की खुली चुनौती: 24 घंटे का अल्टीमेटम, सरकार हिली!
हादी की मौत के बाद भड़के प्रदर्शनों के बीच इंकलाब मोंचो ने अंतिम नमाज के दौरान 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया था. डेडलाइन बीतने के बाद संगठन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में धमकी दी थी अगर न्याय नहीं मिला तो बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे और यूनुस सरकार को गिरा देंगे. 

यूनुस सरकार का मास्टरस्ट्रोक: 90 दिनों में ट्रायल पूरा, स्पीडी ट्रिब्यूनल का ऐलान
दबाव देखते हुए कानून सलाहकार आसिफ नजरुल ने सोमवार को फेसबुक पोस्ट में बड़ा ऐलान किया. उनका कहना था कि हादी हत्याकांड की सुनवाई स्पीडी ट्रायल ट्रिब्यूनल एक्ट 2002 के तहत होगी. धारा 10 के अनुसार पुलिस रिपोर्ट आने के मात्र 90 दिनों में ट्रायल पूरा करना अनिवार्य होगा. क्या यह सरकार का दांव प्रदर्शनों को शांत कर पाएगा? यह समय बताएगा. लेकिन तत्काल के लिए मुश्किलें सरकार की टल सकती हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

हादी हत्याकांड में अब तक क्या हुआ?
गृह सलाहकार लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) जहांगीर आलम चौधरी ने कहा कि जांच में अच्छी प्रगति हुई है और मुख्य आरोपी फैसल करीम मसूद को जल्द गिरफ्तार करने के लिए सुरक्षा बल दिन-रात काम कर रहे हैं. सरकार इस मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और हत्या में शामिल हर व्यक्ति को सजा दिलाई जाएगी. 

अब तक 10 लोग गिरफ्तार
सेक्रेटेरिएट में कानून-व्यवस्था पर बैठक के बाद जहांगीर आलम ने बताया कि पुलिस, रैपिड एक्शन बटालियन (RAB) और बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) की संयुक्त टीम ने अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार लोगों में मुख्य संदिग्ध की पत्नी, उसके माता-पिता, साला और हत्या में कथित रूप से इस्तेमाल हुई मोटरसाइकिल का मालिक शामिल है. मुख्य शूटर के ठिकाने के बारे में पूछे जाने पर गृह सलाहकार ने कहा, “अगर हमें पता होता कि वह कहां है, तो उसे अब तक गिरफ्तार कर लिया गया होता.” जांच की संवेदनशीलता का हवाला देते हुए उन्होंने आगे की जानकारी देने से इनकार कर दिया. 

हत्या की घटना और इसके बाद का विरोध
शरीफ उस्मान हादी पर 12 दिसंबर को ढाका के बिजयनगर इलाके में नजदीक से गोली चलाई गई थी. यह हमला चुनाव आयोग के अगले राष्ट्रीय चुनाव 12 फरवरी 2026 को कराने की घोषणा के ठीक एक दिन बाद हुआ था. गंभीर रूप से घायल हादी को 15 दिसंबर को उन्नत इलाज के लिए सिंगापुर ले जाया गया, लेकिन 18 दिसंबर को उनकी मृत्यु हो गई. उनकी मौत के बाद देशभर में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए. लोगों ने दोषियों को शीघ्र और कड़ी सजा देने की मांग की. जुलाई विद्रोह के दौरान उभरे प्रमुख मंच इंकलाब मोंचो ने चेतावनी दी है कि यदि न्याय नहीं मिला तो अंतरिम सरकार को हटाने के लिए बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा.समूह ने हादी की अंतिम नमाज के बाद 24 घंटे का अल्टीमेटम भी दिया था, लेकिन उनका दावा है कि समयसीमा तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. उन्होंने मंत्रालय की ब्रीफिंग में गृह सलाहकार या उनके विशेष सहायक की अनुपस्थिति को सरकार की गंभीरता की कमी बताया.

जुलाई विद्रोह के प्रमुख नेता थे हादी
शरीफ उस्मान हादी जुलाई 2024 के विद्रोह के प्रमुख नेताओं में से एक थे, जिसके कारण पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की सरकार गिर गई थी. उन्हें फरवरी 2026 के राष्ट्रीय चुनाव में ढाका-8 सीट से संभावित उम्मीदवार के रूप में भी देखा जा रहा था.उनकी मौत के बाद मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस की अगुवाई वाली अंतरिम सरकार ने 20 दिसंबर को राष्ट्रीय शोक दिवस घोषित किया था, क्योंकि न्याय की मांग को लेकर ढाका के कई हिस्सों में प्रदर्शन जारी थे.