Indian Couple Kidnapped in Azerbaijan: बेहतर जीवन के लिए एजेंटों के जरिए अमेरिका जाने की कोशिश कर रहे भारत के एक कपल का अजरबैजान में कथित रूप से अपहरण कर लिया गया. बदमाशों ने उन्हें छोड़ने के लिए भारत में रह रहे कपल के परिजनों से संपर्क कर फिरौती मांगी. लेकिन स्थानीय सांसद और विदेश मंत्रालय की तत्परता से हुई कार्रवाई के चलते उन्हें बचा लिया गया. उन्होंने रेस्क्यू करके अजरबैजान की राजधानी बाकू लाया गया है. इस रेस्क्यू के लिए स्थानीय सांसद मितेश पटेल ने विदेश मंत्रालय और पीएम मोदी का आभार जताया है.

जाना था यूएस, पहुंच गए अजरबैजान

गुजरात में आनंद जिले के सांसद मितेश पटेल ने बताया कि उनके जिले के रहने वाले ध्रुव पटेल और उनकी पत्नी अमेरिका जाना चाह रहे थे. इसके लिए उन्होंने एक एजेंट से संपर्क किया, जिसने दावा किया कि वह अजरबैजान के जरिए उन्हें यूएस पहुंचा देगा. उस पर भरोसा कर कपल ने उसे मोटी फीस चुकाई और फ्लाइट से अजरबैजान पहुंच गए. 

Add Zee News as a Preferred Source

बदमाशों ने कपल का किया किडनैप

सांसद के मुताबिक, वहां पहुंचने पर उन्हें किडनैप कर लिया गया. बदमाशों ने कपल से फोन लेकर आनंद जिले में रहने वाले ध्रुव पटेल के पैरंट्स से वीडियो कॉल करके संपर्क किया और उन्हें छोड़ने के बदले में फिरौती मांगी. इसकी जानकारी पैरंट्स ने उन्हें दी और बेटे-बहू को बचाने का आग्रह किया. 

सांसद ने एस जयशंकर से मांगी मदद

मितेश पटेल ने बताया मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने बिना देरी किए विदेश मंत्रालय में संपर्क किया और इस मामले की जानकारी देते हुए मदद की गुजारिश की गई. इसके साथ ही सोमवार को संसद सत्र के दौरान दिल्ली में विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात करके पूरे मामले से उन्हें अवगत कराया. 

24 घंटे में कपल की सुरक्षित रिहाई

जयशंकर के निर्देश पर विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने तुरंत अजरबैजान में भारतीय दूतावास से संपर्क कर इस मामले में कार्रवाई करने का निर्देश दिया. भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने स्थानीय प्रशासन की मदद से 24 घंटे के भीतर भारतीय दंपत्ति को सुरक्षित बचा लिया. 

दलालों के चंगुल में आने से बचें लोग

ध्रुव पटेल और उनकी पत्नी दीपिका के रेस्क्यू के बाद उन्हें अजरबैजान की राजधानी बाकू में बने भारतीय मिशन में लाया गया है. सांसद मितेश पटेल ने अपने जिले के दंपत्ति की सुरक्षित रिहाई पर खुशी जताते हुए विदेश मंत्रालय और सरकार का आभार जताया है. साथ ही लोगों से अपील की है कि वे विदेश जाने के लालच में दलालों के चंगुल में आने से बचें वरना वे गंभीर खतरे में पड़ सकते हैं.