SA VS AFG Super Over: रोमांच की सारी हदें पार कर देने वाले मैच में साउथ अफ्रीका ने अफगानिस्तान का दिल तोड़ दिया. उसने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 13 मैच में एक यादगार जीत हासिल की. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में बुधवार (11 फरवरी) को मैच टाई हो गया. इसके बाद सुपर ओवर हुआ और वह भी टाई पर समाप्त हुआ. ऐसे में दूसरे सुपर ओवर की नौबत आई तो रहमनुल्लाह गुरबाज के 3 गेंदों पर 3 छक्कों ने फैंस की सांसें रोक दीं. वह केशव महाराज की आखिरी गेंद पर कैच आउट हुए. अफ्रीकी टीम जश्न मनाने लगी और अफगानिस्तान का दिल टूट गया.
बार-बार बदली मैच की कहानी
ग्रुप डी के इस मैच की कहानी इतनी बार बदली की, खुद खिलाड़ी भी हैरान हो गए. अफ्रीकी टीम टूर्नामेंट में एशियाई टीमों के खिलाफ अपने मैचों में थोड़ा रोमांच पसंद करने के लिए जानी जाती है. वह एक बार नेपाल से सिर्फ एक रन से जीता था. 2024 में भारत के खिलाफ शानदार फाइनल में उसे हार मिली थी, लेकिन इस बार उसने हिम्मत बनाए रखी और अफगानिस्तान को हराकर राशिद खान की टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होने की कगार पर पहुंचा दिया.
जमकर चला रिकेल्टन-डिकॉक का बल्ला
बुधवार को अहमदाबाद में टॉस राशिद खान ने जीता और उन्होंने पहले बॉलिंग करने का फैसला किया, यह एक ऐसा फैसला था जिसे एडेन मार्करम ने भी कहा था कि अगर सिक्का उनके पक्ष में जाता तो वह लेते. साउथ अफ्रीका के लिए रयान रिकेल्टन ने 61 और क्विंटन डिकॉक ने 59 रनों की पारी खेली. डेवाल्ड ब्रेविस ने 23 और डेविड मिलर ने नाबाद 20 रन बनाए. मार्को यानसेन 16 रन बनाकर नाबाद रहे. अफगानिस्तान के लिए अमजमुत्लाह उमरजई ने 3 और राशिद खान ने 2 विकेट लिए.
— Star Sports (@StarSportsIndia) February 11, 2026
गुरबाज की शानदार पारी बेकार
इसके बाद अफगानिस्तान के लिए इब्राहिम जादरान 10 गेंद पर 14 रन बनाकर आउट हो गए. उनके बाद गुलबदीन नईब खाता खोले बगैर आउट हो गए. दोनों को पारी के पांचवें ओवर में लुंगी एंगिडी ने आउट किया. इसके बाद छठे ओवर में कगिसो रबाडा ने सदिकुल्लाह अटल को आउट कर दिया. रहमनुल्लाह गुरबाज 42 गेंद पर 84 रन बनाकर आउट हुए. उन्होंने 4 चौके और 7 छक्के लगाए. दारविश रसूली 18 गेंद पर 15 रन ही बना सके. अजमतुल्लाह उमरजई 22, मोहम्मद नबी 5 और राशिद खान 20 रन बनाकर आउट हुए. मुजीब उर रहमान खाता नहीं खोल सके. आखिरी ओवर में अफगानिस्तान को 13 रनों की आवश्यकता थी, लेकिन टीम 12 रन ही बना सकी. इससे मैच टाई हो गया. नूर अहमद ने नाबाद 15 रन बनाकर मैच को टाई कराया. फजहलहक फारूकी 20वें ओवर की चौथी गेंद पर रन आउट हो गए. इससे अफगानिस्तान निर्धारित 20 ओवरों में मैच को नहीं जीत पाया.
ये भी पढ़ें: SA vs AFG: सुपर ओवर भी टाई.. किसको-कैसे मिलती है जीत? एक क्लिक में जानें पूरा नियम
सुपर ओवर में कैसे पहुंचा मैच?
केशव महाराज ने अफगानिस्तान की पारी के 13वें ओवर में गुरबाज और रसूली को आउट कर दिया. इन दोनों के आउट होने से थोड़ा ड्रामा हुआ. मोहम्मद नबी अपना 150वां T20I मैच खेल रहे थे, लेकिन बल्ले से उनका इम्पैक्ट रिदम में नहीं था. इससे सारा दारोमदार उमरजई पर था. जब युवा ऑलराउंडर ने कुछ बाउंड्री लगाईं, तो नबी 16वें ओवर में जॉर्ज लिंडे का शिकार हो गए. राशिद को एहसास हुआ कि उन्हें बाउंड्री लगाने और प्रोटियाज पर प्रेशर वापस लाने की जरूरत है और उन्होंने तीन शानदार बाउंड्री लगाकर शुरुआत की. एंगिडी हमेशा प्रेशर में शांत रहे हैं और उन्होंने 18वें ओवर में उमरजई को आउट कर दिया, जिससे अफ़गानिस्तान का रन चेज खत्म होता दिख रहा था.
— Star Sports (@StarSportsIndia) February 11, 2026
एक रन आउट ने अफगानिस्तान का दिल तोड़ा
19वें ओवर में राशिद खान के विकेट के बाद नूर आए और यानसेन को छक्का मारा. मुजीब ने खुद को कुर्बान कर दिया. आखिरी ओवर रबाडा का था. इस ओवर में 13 रनों की आवश्यकता थी. और पहली ही बॉल पर विकेट मिला और प्रोटियाज जश्न मनाने लगे, लेकिन यह ज्यादा देर तक नहीं चला क्योंकि रबाडा ने ओवरस्टेप किया और फिर अगली बॉल पर वाइड हो गई. इसके बाद नूर ने छक्का लगाया और दो रन भी मिला क्योंकि रबाडा ने एक बार फिर ओवरस्टेप किया था. अफगानिस्तान के लिए 3 में से 2 रन चाहिए थे. इस गेम का ड्रामा खत्म नहीं हुआ. फारूकी रन आउट हो गए और मैच सुपर ओवर में चला गया.
— Star Sports (@StarSportsIndia) February 11, 2026
सुपर ओवर में क्या-क्या हुआ?
पहला सुपर ओवर:
सुपर ओवर में अफगानिस्तान ने 17 रन बनाए. अजमतुल्लाह उमरजई ने लुंगी एंगिडी की पहली गेंद पर चौका और दूसरी गेंद पर छक्का लगाया. इसके बाद तीसरी बॉल पर उन्होंने एक रन लिया. गुरबाज ने चौथी बॉल पर एक रन लेकर अजमत को स्ट्राइक दे दिया. अजमत ने पांचवीं गेंद पर चौका और छठी गेंद पर एक रन लिया. इस तरह अफगानिस्तान ने साउथ अफ्रीका को 18 रन का टारगेट सुपर ओवर में दिया.
इसके बाद साउथ अफ्रीका ने भी सुपर ओवर में 17 रन बनाए. फजहलहक फारूकी की गेंद पर पहली गेंद पर डेविड मिलर ने एक रन लिया. इसके बाद डेवाल्ड ब्रेविस ने छक्का मारा और फिर तीसरी गेंद पर आउट हो गए. चौथी गेंद पर ट्रिस्टन स्टब्स ने चौका मारा और पांचवीं गेंद पर वह रन नहीं बना पाए. छठी गेंद पर छ्क्का मारकर उन्होंने सुपर ओवर को टाई करा दिया.
ये भी पढ़ें: SA vs AFG: कमजोर दिल वालों के लिए नहीं था ये मैच… आखिरी ओवर में धड़कनें बढ़ा देने वाला ड्रामा, क्या-क्या हुआ?
दूसरा सुपर ओवर:
साउथ अफ्रीका ने दूसरे सुपर ओवर में 23 रन बनाए. उसके लिए पहली गेंद पर ट्रिस्टन ने अजमतुल्लाह उमरजई की गेंद पर छक्का लगाया. उन्होंने दूसरी बॉल पर सिंगल लिया तो तीसरी गेंद पर डेविड मिलर ने 2 रन लेकर स्ट्राइक अपने पास रख ली. उन्होंने चौथी और पांचवीं गेंद पर छक्का लगाया और आखिरी गेंद पर 2 रन लेकर साउथ अफ्रीका को 3 रनों तक पहुंचाया.
अफगानिस्तान के सामने 24 रनों का टारगेट था. केशव महाराज ने पहली दो गेंदों पर मोहम्मद नबी को एक भी रन नहीं बना दिया और उनका विकेट भी ले लिया. इसके बाद रहमनुल्लाह गुरबाज क्रीज पर आए और उन्हें 4 गेंद पर 4 छक्के लगाने थे. गुरबाज ने तीसरी, चौथी और पांचवीं गेंद पर महाराज को छक्का मारा. केशव महाराज ने एक वाइड भी फेंक दिया तो आखिरी बॉल अफगानिस्तान को 5 रन बनाने थे. गुरबाज छठी गेंद पर आउट हो गए और साउथ अफ्रीका जीत गया.
