South Africa vs Afghanistan: साउथ अफ्रीका और अफगानिस्तान के बीच बुधवार (11 फरवरी) को टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे रोमांचक मैच खेला गया. दुनिया के सबसे बड़े स्टेडियम यानी अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में वो सबकुछ था, जो एक ब्लॉकबस्टर मूवी में होता है. एक्शन, थ्रिलर, रोमांच और इमोशन से भरे इस मैच में जीत भले ही साउथ अफ्रीका को मिली, लेकिन दिल तो अफगानिस्तान के स्टार बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज ने जीता. हालांकि, किस्मत ने उनका साथ नहीं दिया क्योंकि अपनी पूरी ताकत झोंकने के बावजूद वो अफगानिस्तान को जीत नहीं दिला सके.
साउथ अफ्रीका और अफगानिस्तान के बीच हुआ ये मुकाबला डबल सुपर ओवर में गया. दूसरे सुपर ओवर में गुरबाज ने हैट्रिक सिक्स जड़कर सनसनी मचाई, लेकिन आखिरी गेंद पर आउट हो गए और उनके साथ-साथ अफगानिस्तान का दिल चकनाचूर हो गया. पूरे मैच को मिला दें तो गुरबाज ने 103 रन बनाए और 10 छक्के जड़े. अफगानिस्तान की दर्दनाक हार के बाद वो अपने इमोशन नहीं रोक सके और रोने लगे.
साउथ अफ्रीका- अफगानिस्तान के बीच सांसें रोक देने वाला मैच
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मैच में साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 187 रन बनाए. इसके जवाब में ओपनिंग करते हुए रहमानुल्लाह गुरबाज ने शानदार बल्लेबाजी की और 200.00 की स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 42 गेंदों पर 84 रन बनाए. दाएं हाथ के बल्लेबाज ने इस पारी में 7 छक्के और 4 चौके जड़े. उनके आउट होने के बाद अफगानिस्तान की टीम बैकफुट पर आ गई, लेकिन नूर अहमद ने एक छक्का मारकर मैच में जान डाल दी.
आखिरी ओवर में गजब रोमांच
अफगानिस्तान को आखिरी ओवर में 13 रनों की दरकार थी, लेकिन उनके 9 विकेट गिर चुके थे. एडेन मार्करम ने अनुभवी गेंदबाज कगिसो रबाडा पर दांव खेला और उन्होंने पहली गेंद पर नूर अहमद को आउट भी किया, लेकिन ये नो बॉल था. इसके बाद नूर अहमद ने एक छक्का जड़कर मैच का रोमांच दोगुना कर दिया. इस ओवर में रबाडा ने एक और नो बॉल फेंका और मैच अफगानिस्तान के मुट्ठी में थी. 3 गेंद पर 2 रन बनाने थे, लेकिन डबल लेने के प्रयास में फारुकी आउट हो गए और मैच टाई हो गया. इसके बाद सुपर ओवर में भी स्कोर बराबर रहा. दूसरे सुपर ओवर में साउथ अफ्रीका ने बाजी मारी.
— Mufaddal Vohra (@mufaddal_vohra) February 11, 2026
टूटा दिल तो रोने लगे रहमानुल्लाह गुरबाज
मैच में 84 रन और फिर सुपर ओवर में तीन लगातार छक्के सहित 19 रन बनाने के बावजूद रहमानुल्लाह गुरबाज अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके. अफगानिस्तान के हारते ही उनका दर्द बाहर निकला और स्टार बल्लेबाज के आंखों से आंसू टपकने लगे. ये नजारा सच में दिल झकझोर देने वाला था. गुरबाज ने एड़ी से लेकर चोटी तक का जोर लगा दिया, लेकिन साउथ अफ्रीका के साथ-साथ किस्मत से भी हार गए.
ये भी पढ़ें: SA vs AFG: कमजोर दिल वालों के लिए नहीं था ये मैच… आखिरी ओवर में धड़कनें बढ़ा देने वाला ड्रामा, क्या-क्या हुआ?
