
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए मुकाबले में भले ही टीम इंडिया ने बाजी मारी हो लेकिन, कंगारू खिलाड़ी ने अपने नाम पर एक अनोखा कीर्तिमान स्थापित कर लिया है. दरअसल, ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज ऑलराउंडर एलिस पेरी 350 इंटरनेशनल मैच खेलने वाली पहली ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेटर बन गई हैं. शनिवार को जब वह एडिलेड ओवल में भारत के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज के निर्णायक टी20 मुकाबले में मैदान पर उतरीं, तो उन्हें इस खास उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया. महिला क्रिकेट में उनसे ज्यादा मैच खेलने वाली सिर्फ दो खिलाड़ी हैं. इस लिस्ट में सबसे आगे भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर हैं, जो अपना 357वां अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेली. वहीं न्यूजीलैंड की अनुभवी खिलाड़ी सूजी बेट्स 355 मैचों के साथ तीसरे स्थान पर काबिज हैं.
जल्द कहेंगी क्रिकेट को अलविदा
पेरी के बाद ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलने का रिकॉर्ड मौजूदा वनडे और टेस्ट कप्तान एलिसा हीली के नाम है. हीली अब तक 295 मैचों में ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी कर चुकी हैं. उनके बाद पूर्व उपकप्तान एलेक्स ब्लैकवेल का नंबर आता है, जिन्होंने 252 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं.
हालांकि, हीली ने साफ कर दिया है कि वह अगले महीने भारत के खिलाफ खेले जाने वाले डे-नाइट टेस्ट के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह देंगी. यह मुकाबला 6 मार्च से शुरू होगा और उसी के साथ उनके शानदार करियर का अंत हो जाएगा.
17 रनों से भारत की जीत
एडिलेड में खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी की. 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर टीम ने 176 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया.लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम निर्धारित ओवरों में नौ विकेट गंवाकर 159 रन ही बना पाई. इस तरह भारतीय महिला टीम ने मुकाबला 17 रन से जीतकर अपने नाम कर लिया.
ऐसा रहा है इंटरनेशनल करियर
एलिस पेरी का इंटरनेशनल करियर आंकड़ों के लिहाज से बेहद शानदार रहा है. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए 14 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें 930 रन बनाए और 39 विकेट अपने नाम किए.वनडे क्रिकेट की बात करें तो 165 मुकाबलों में उन्होंने 4504 रन बनाए हैं और साथ ही 166 विकेट भी हासिल किए हैं. इसके अलावा 170 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में पेरी ने 2200 रन जोड़े और 126 विकेट झटके हैं.कुल मिलाकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके नाम 7634 रन और 331 विकेट दर्ज हैं, जो उनके बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन को दिखाता है.
ये भी पढ़ें: जेमिमा रोड्रिग्स ने रचा इतिहास, मंधाना और हरमनप्रीत के बाद T20I में ऐसा करने वाली तीसरी खिलाड़ी

