News in Brief

Karnataka Politics: कर्नाटक कांग्रेस में क्या सब कुछ ठीक चल रहा है? इसका जवाब देना अब पार्टी हाईकमान को भी मुश्किल हो रहा है. इस बीच राज्य के सीएम  सिद्धारमैया ने एक नया पोस्ट किया, जिससे सियासी हलचल बढ़ गई. दरअसल, राज्य के सीएम सिद्धारमैया ने एक एक्स पोस्ट में एक तीखा बयान जारी किया इसमें उन्होंने अपने खिलाफ रची जा रही राजनीतिक साजिशों का जिक्र किया है. सीएम के इस पोस्ट के बाद अटकलों का बाजार गर्म हो गया है. 

अपने इस पोस्ट में सीएम ने कहा कि उनकी राजनीतिक यात्रा शुरू से आसान नहीं रही है, बल्कि बार-बार बाधाओं और चुनौतियों से भरी रही. उन्होंने दावा किया कि कई शक्तिशाली नेताओं ने सालों से उनको कई साजिशों का शिकार बनाने का प्रयास किया और उनके राजनीतिक करियर को समाप्त करने का प्रयास किया. हालांकि, जनता के आशीर्वाद के कारण वह अपना करियर जारी रखने में सफल रहे. सीएम ने यह पोस्ट शुक्रवार को किया. 

कर्नाटक सीएम ने अपने पोस्ट में क्या कहा? 

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अपने पोस्ट में लिखा कि मेरे चार दशकों का राजनीतिक जीवन कभी भी फूलों की सेज नहीं रहा; यह हमेशा पत्थरों और कांटों का रास्ता रहा है. कई बड़े नेताओं ने मुझे राजनीतिक रूप से खत्म करने के लिए कई कुटिल साजिशें रचीं. जनता के आशीर्वाद से, मैंने उन सभी पर विजय प्राप्त की है. 

Add Zee News as a Preferred Source

अपने पोस्ट में उन्होंने आगे लिखा कि मैं भली-भांति जानता हूं कि यह मेरे विरुद्ध कोई षड्यंत्र नहीं है, यह आप लोगों के विरुद्ध षड्यंत्र है, जो मुझ पर विश्वास करते हैं, मुझसे प्रेम करते हैं, जो निरंतर मुझ पर आशीर्वाद और समर्थन बरसाते हैं. इसीलिए, जब तक मुझमें सांस है, मैं इस राजनीतिक षड्यंत्र और घृणा एवं ईर्ष्या की राजनीति के विरुद्ध लड़ता रहूंगा. यह सत्य, न्याय और न्याय के लिए संघर्ष है. आप सभी के समर्थन से मैं इस लड़ाई को तब तक जारी रखूंगा जब तक मुझमें सांस है. मैं कभी भी युद्धक्षेत्र से भागने वाला कायर नहीं बनूंगा.

सिद्धारमैया के इस बयान के मायने क्या हैं? 

माना जाता रहा है कि कर्नाकट में डिप्टी सीएम शिवकुमार और सीएम सिद्धरमैया के बीच सब कुछ सामान्य नहीं रहता है. कई मौकों पर दोनों नेताओं ने ऐसे बयान दिए हैं, जो हैरान करने वाले रहे. हाल में ही जब राज्य के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार से मुख्यमंत्री पद के बारे में पूछा गया, तो स्पष्ट रूप से कहा कि उन्हें इसके बारे में जानकारी नहीं है. इस दौरान उन्होंने अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को स्पष्ट कर दिया है, उनके इन बयानों से कांग्रेस के भीतर और विशेष रूप से मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के लिए बेचैनी बढ़ गई है. शिवकुमार के बयान के कुछ समय बाद ही सीएम सिद्धरमैया का ये बयान सामने आया है, जिससे सियासी हलचल तेज हो गई है. 

यह भी पढ़ें: हर धर्म का अलग देश तो हिंदू राष्ट्र क्यों नहीं? वंदे मातरम् का विरोध करने वालों को अन्नू कपूर ने सुनाई खरी-खरी

डिप्टी सीएम ने क्या-क्या कहा? 

जब डीके शिवकुमार से पूछा गया कि क्या वे राज्य में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर बार-बार पूछे जाने वाले सवालों से परेशान हो चुके हैं, इसके जवाब में उन्होंने कहा कि मैं परेशान नहीं हूं, मुझे भरोसा है कि जो भी होगा वह मुझ पर और मेरे नेतृत्व पर निर्भर है. सभी जानते हैं कि क्या करना है, कैसे करना है, मुझे उन पर पूरा विश्वास है. इतना ही नहीं उपमुख्यमंत्री ने सार्वजनिक रूप से यह भी कहा है कि इस (राज्य के नेतृत्व) मामले पर पहले ही निर्णय लिया जा चुका है और मुख्यमंत्री सिद्धारमैया उचित समय पर इसकी जानकारी देंगे.

यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र: 7 में से मिलेगी सिर्फ 1 राज्यसभा सीट; शरद पवार और उद्धव ठाकरे से टकराने के मूड में कांग्रेस