
TVK Chief Vijay: तमिलनाडु में अभिनेता से नेता बने विजय ने सत्ताधारी डीएमके पर प्रचंड हमला बोला है. तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के चीफ विजय ने वेल्लोर में पार्टी की एक रैली विजय ने कहा, ‘के कामराज, अन्नादुरई और एम जी आर जैसे दिग्गजों के जमाने में तमिलनाडु एक शानदार राज्य था. अब यहां एक फर्जी मॉडल की सरकार चल रही है. एक स्टैंड-अप कॉमेडी जैसी सरकार है. इसलिए मैं कह रहा हूं कि ये चुनाव ऐतिहासिक और चमत्कारिक साबित होने जा रहा है’.
झूठे वादे करती है डीएमके: विजय
विजय ने लोगों से उनकी पार्टी टीवीके के चुनाव चिह्न ‘व्हिसल’ (सीटी) पर वोट देने की अपील की. विजय ने कहा, ‘मुख्यमंत्री एमके स्टालिन (M K Stalin) झूठे वादे करके जनता को गुमराह करते हैं. इसलिए मैं आपसे टीवीके को वोट देने की अपील करता हूं.’ दो दिन पहले विजय ने चेन्नई की रैली में कहा था कि उनकी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में किसी भी दल के साथ कोई गठबंधन नहीं करेगी.
डीएमके और एआईएडीएमके भले ही विजय को भाव न दे रहे हों, लेकिन टीवीके की रैलियों में उमड़ रही भीड़ इशारा करती है कि तमिलनाडु विधानसभा चुनाव का मुकाबला त्रिकोणीय हो चुका है.
‘चुनाव जनता और स्टालिन सर के बीच’
विजय ने कहा, ‘एमके स्टालिन ने फर्जी वादे किए हैं और लोगों को धोखा दिया है. जब तमिलनाडु में TVK की सरकार बनेगी, तब मैं खुद हर जिले में जाकर लोगों से मिलूंगा. यह चुनाव तमिलनाडु की जनता और डीएमके सरकार के बीच है. ‘मुकाबला जनता और स्टालिन सर के बीच’ है. हमारा वोट, हमारा अधिकार है. कोई इसे हमसे नहीं छीन सकता. उम्मीद है हमारा हर वोट ‘व्हिसल’ निशान को जाएगा.’
तमिलनाडु में मुख्य मुकाबला DMK की अगुवाई वाले सेक्युलर प्रोग्रेसिव अलायंस (SPA) और एआईएडीएमके (AIADMK) की अगुवाई वाले नेशनल डेमोक्रेटिक (NDA) गठबंधन के बीच दिख रहा है. SPA में कांग्रेस (INC) और DMDK जैसी पार्टियां शामिल हैं. MMK और MDMK जैसे अन्य दलों के साथ गठबंधन पर बातचीत चल रही है.
दूसरी ओर एनडीए में एआईएडीएमके के अलावा बीजेपी (BJP) प्रमुख भूमिका में है. जिसमें पीएमके (PMK) समेत कई अन्य दल भी शामिल हैं.
