News in Brief

Bharat Taxi: केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज भारत टैक्सी के चालकों से मुलाकात की और कहा है कि जो श्रम कर रहा है, उसे ही मुनाफा मिलना चाहिए. उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य टैक्सी के मालिक को धनी बनाना है और सारथी ही मालिक हैं. शाह ने कहा कि सारथी भारत टैक्सी के मालिक हैं और मुनाफे में भी उनका हिस्सा होगा. आने वाले 3 वर्षों में देश के हर म्युनिसिपल कॉरपोरेशन में ‘भारत टैक्सी’ होगी. उन्होंने कहा कि भारत टैक्सी को देश की 5 बड़ी कोऑपरेटिव्स को मिलाकर खड़ा किया है और अब जैसे-जैसे सारथियों की संख्या बढ़ती जाएगी और जो भी सारथी इसमें पार्टनर बनना चाहेगा उसे 500 रूपए के शेयर लेने पर मालिकाना हक मिल जाएगा. शाह ने कहा कि जब भारत टैक्सी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स का चुनाव होगा, तब इसमें कुछ स्थान सारथियों के लिए भी आरक्षित रखे जाएंगे. जब सारथी बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में आ जाएंगे तब वे खुद अन्य सारथियों के सभी हितों की रक्षा और चिंता करेंगे.

सारथियों को मजबूत करेगी भारत टैक्सी 

मंत्री ने कहा कि भारत टैक्सी का मकसद किसी प्राइवेट कंपनी की तरह बड़ा मुनाफा कमाना नहीं है बल्कि हमारे सारथी भाइयों को मजबूत करना है. भारत टैक्सी के शेयर सारथियों के पास हैं और मालिक भी सारथी ही हैं, इसीलिए भारत टैक्सी की नीतियां भी सारथी ही बनाएंगे. भारत टैक्सी सारथियों की अपनी कंपनी है और इसमें सहकार करना ही हमारा सिद्धांत होना चाहिए. भारत टैक्सी सारथियों की क्षमता का दोहन करेगी न कि उनका शोषण करेगी. अमित शाह ने कहा कि भारत टैक्सी की कुल कमाई में से 20 प्रतिशत भारत टैक्सी के अकाउंट में सारथियों की पूंजी के रूप में जमा हो जाएगा और 80 प्रतिशत पैसा टैक्सी कितने किलोमीटर चली है, उसके अनुसार वापस सारथियों के खाते में जाएगा. शाह ने कहा कि शुरूआती 3 साल भारत टैक्सी के विस्तार में जाएंगे और उसके बाद जितना भी मुनाफा होगा, उसका 20 प्रतिशत भारत टैक्सी में रहेगा और 80 प्रतिशत सारथी भाइयों को वापस दे दिया जाएगा.

ये भी पढ़ें- ‘ये नाकामी छिपाने की कोशिश…,’ रमजान के पाक महीने में पाकिस्तान का अफगानिस्तान पर बड़ा हमला, भारत ने की निंदा; काबुल को दिया समर्थन  

Add Zee News as a Preferred Source

भारत टैक्सी’ दुनिया की सबसे पारदर्शी कैब सर्विस बनेगी

गृह मंत्री ने कहा कि भारत टैक्सी की शुरूआत एक बड़ा कोऑपरेटिव आंदोलन है.  इसके तहत भारत टैक्सी सारथियों की टैक्सी को मॉर्गेज (Mortgage) करेगी और भारत टैक्सी ही उन्हें कोऑपरेटिव बैंक के जरिए कर्ज दिलाएगी.अमित शाह ने कहा कि भारत टैक्सी में कुछ भी छिपा नहीं होगा. उन्होंने कहा कि सारथियों को हर जानकारी नोटिफिकेशन के माध्यम से उपलब्ध कराकर ‘भारत टैक्सी’ दुनिया की सबसे पारदर्शी कैब सर्विस बनेगी. इसमें सारथियों की मिनिमम वायबिलिटी पर किलोमीटर की दर की एक बेस लाइन बनाकर काम होगा. उन्होंने कहा कि भारत टैक्सी में ऑटो के मूल्य, पेट्रोल की खपत और मिनिमम मुनाफे को मिलाकर एक बेस रेट होगा और इससे नीचे यह ऑपरेट नहीं करेगी. शाह ने कहा कि भारत टैक्सी का लक्ष्य मुनाफा कमाना नहीं है क्योंकि सारथी ही इस कोऑपरेटिव का मालिक है. इसके अलावा उन्होंने कहा कि भारत टैक्सी में सारथी दीदी की कल्पना की गई है. भारत टैक्सी की ‘सारथी दीदी’ सुविधा, महिला सारथियों को स्वावलंबी बनाएगी और महिला यात्रियों और सारथियों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी. उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भारत टैक्सी ऐप में सारथी दीदी के नाम से प्रावधान किए जाएंगे कि जब भी अकेली महिला यात्री होगी, तो वह स्वाभाविक रूप से सारथी दीदी को प्राथमिकता देगी.

समस्या के लिए खोली जाएगी विंडो

अमित शाह ने कहा कि भारत टैक्सी की वेबसाइट पर सारथियों की तकलीफों के लिए एक विंडो खोली जाएगी जिस पर मोबाइल नंबर से लॉग-इन कर वे अपनी सारी समस्याएं बता सकेंगे और उनके आधार पर हम नीति को संशोधित कर सकेंगे. जिस प्रकार भारत टैक्सी सारथियों की समस्याओं का निवारण करेगी, उसी प्रकार बाकी टैक्सी कंपनियों को भी यह करना पड़ेगा. शाह ने कहा कि भारत टैक्सी का लक्ष्य ग्राहक को खुश करने के साथ-साथ सारथी का भी कल्याण करना होना चाहिए. गृह मंत्री ने कहा कि सारथियों को अपने आप को कभी ड्राइवर नहीं कहना चाहिए बल्कि गर्व के साथ स्वयं को सारथी कहना चाहिए. उन्होंने कहा कि सम्मान के साथ इस भाव को सारथियों के मन में लाना ही भारत टैक्सी की जिम्मेदारी है. भारत टैक्सी सुधार की सभी संभावनाओं को तलाशेगी और आगे बढ़ने पर हर समस्या का समाधान भी हो जाएगा. शाह ने यह भी कहा कि समाज में सारथी को देखने का नजरिया किस प्रकार बदले, यह सारथियों की भी जिम्मेदारी होनी चाहिए. 

ये भी पढ़ें- पीएम मोदी के ‘नंगे’ कमेंट पर भड़की कांग्रेस, शेयर की भाजपा के नेताओं की टॉपलेस फोटो 

सुनी जाएंगी सारथियों की तकलीफें 

अमित शाह ने कहा कि टैक्सी सेक्टर में जो समस्याएं हैं उनका निवारण एक पद्धति विकसित करने से ही आ सकता है. उन्होंने कहा कि अभी जो कंपनियां अस्तित्व में हैं, उनका उद्देश्य सारथियों का कल्याण नहीं है. शाह ने कहा कि भारत टैक्सी का उद्देश्य सारथियों का कल्याण भी है और ग्राहक के साथ अच्छा व्यवहार करना भी है. उन्होंने कहा कि सारथियों के साथ संवाद और उनकी तकलीफें सुनने का भारत टैक्सी का कार्यक्रम निरंतर चलता रहेगा और सारथियों के साथ ऑनलाइन, फिजिकल और कॉल सेंटर के माध्यम से संवाद जारी होगा.