
Ashes Series Alex Carey: ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के खिलाफ 5 टेस्ट मैचों की एशेज सीरीज को 4-1 से अपने नाम कर लिया. उसने सिडनी में खेले गए आखिरी टेस्ट मैचको 5 विकेट से जीत लिया. कंगारू टीम के लिए इस सीरीज के हीरो कई रहे. ट्रेविस हेड और मिचेल स्टार्क ने गेंद और बल्ले से लगातार शानदार प्रदर्शन करना जारी रखा. इन दोनों के अलावा विकेटकीपर बल्लेबाज एलेक्स कैरी ने भी कई मौकों पर टीम को संकट से निकाल. उन्होंने विकेटकीपिंग में भी शानदार काम किया है.
गिलक्रिस्ट-हिली का रिकॉर्ड तोड़ा
एलेक्स कैरी ने न सिर्फ विकेटकीपर और बल्लेबाज के तौर पर बेहतरीन प्रदर्शन किया बल्कि पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट और ईयान हिली के एशेज रिकॉर्ड को भी तोड़ा. टेस्ट क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के लिए संकटमोचक की भूमिका निभाने वाले एलेक्स कैरी ने एशेज सीरीज 2025-26 में 5 मैचों की 8 पारियों में 46.14 की औसत से 323 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने 1 शतक और 2 अर्धशतक लगाया. वह सीरीज के चौथे शीर्ष स्कोरर रहे. इसके अलावा विकेट पीछे कैरी ने 28 शिकार किए.
ये भी पढ़ें: WPL 2026: महिला प्रीमियर लीग में इस बार नया क्या? एक क्लिक में जान लें स्क्वॉड, शेड्यूल और लाइव स्ट्रीमिंग डिटेल
दिग्गजों ने रचा था इतिहास
एक एशेज सीरीज में विकेटकीपर के तौर पर सर्वाधिक शिकार के मामले में कैरी ने ईयान हिली और एडम गिलक्रिस्ट को पीछे छोड़ा. ईयान हिली ने 1998-99 में विकेट के पीछे रिकॉर्ड 27 शिकार किए थे. इसमें 24 कैच और 3 स्टंपिंग शामिल थे. 2001 में एडम गिलक्रिस्ट ने 26 शिकार किए थे. कैरी इन दोनों से आगे निकल चुके हैं. एक एशेज सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज ऑस्ट्रेलिया के ब्रैड हैडिन हैं. हैडिन ने 2013-14 में 493 रन बनाए थे.
ये भी पढ़ें: Shocking: क्रिकेट ग्राउंड पर बड़ा हादसा… मैच के दौरान गिरा रणजी खिलाड़ी, मौत से पसरा मातम
एशेज में सबसे ज्यादा शिकार करने वाले विकेटकीपर
एशेज सीरीज में बतौर विकेटकीपर सर्वाधिक शिकार का रिकॉर्ड ईयान हिली के नाम है. 1989 से 1999 के बीच 33 मैचों में उन्होंने 135 शिकार किए थे. इसमें 123 कैच और 12 स्टंपिंग शामिल थे. एलेक्स कैरी एशेज में सर्वाधिक शिकार के मामले में नौवें स्थान पर हैं. 2021 से 2026 के बीच 15 टेस्ट में वे 77 शिकार कर चुके हैं. इसमें 71 कैच और 6 स्टंपिंग हैं. 34 साल के कैरी ने 2021 में डेब्यू किया था. 48 टेस्ट की 73 पारियों में 3 शतक और 13 अर्धशतक की मदद से वह 2,333 रन बना चुके हैं. 186 कैच और 19 स्टंपिंग भी उनके नाम है.
