Pakistan Lobbying Firms USA: ऑपरेशन सिंदूर के दौरान और उसके बाद भी पाकिस्तान ने अमेरिका में अपनी बात रखने के लिए बड़े स्तर पर लॉबिंग करवाई थी. इसके लिए पाकिस्तान ने वॉशिंगटन डीसी की नामी लॉबिंग कंपनियों को हर महीने लाखों डॉलर दिए थे. इन कंपनियों ने अमेरिकी सांसदों के साथ-साथ बड़े मीडिया हाउस तक पाकिस्तान का पक्ष पहुंचाने की कोशिश भी की थी. आइए आपको इसके बारे में विस्तार से बताते हैं.

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान तेज लॉबिंग
दस्तावेजों से समझें तो पाकिस्तान की ओर से लॉबिंग फर्मों ने अमेरिकी संसद के दोनों सदनों, हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स और सीनेट के बड़े नेताओं से संपर्क किया था. इनमें डेमोक्रेट और रिपब्लिकन दोनों पार्टियों के अहम नेता शामिल थे. विदेश नीति और दक्षिण एशिया से जुड़े मामलों पर काम करने वाले सांसदों को खास तौर पर निशाना बनाया गया था.

हर महीने 50 हजार डॉलर की डील
पाकिस्तान ने अप्रैल में जावेलिन एडवाइजर्स नाम की लॉबिंग फर्म को हायर किया था. इस कंपनी को हर महीने 50 हजार डॉलर दिए गए थे. यह कंपनी डोनाल्ड ट्रंप के पूर्व बॉडीगार्ड कीथ शिलर और ट्रंप ऑर्गेनाइजेशन के पूर्व अधिकारी जॉर्ज सोरियल ने बनाई है. ऑपरेशन सिंदूर के दौरान इस फर्म ने सीनेट और हाउस के कई बड़े नेताओं के दफ्तरों से संपर्क किया और पाकिस्तान के पक्ष में बात रखी थी.

Add Zee News as a Preferred Source

अमेरिकी सांसदों से सीधे बातचीत
जावेलिन एडवाइजर्स ने 7 मई को पाकिस्तान के राजदूत रिजवान सईद शेख और हाउस फॉरेन अफेयर्स कमेटी के चेयरमैन ब्रायन मास्ट के बीच बातचीत भी करवाई थी. इस बातचीत में भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव पर चर्चा की गई थी. इसके अलावा कंपनी ने विदेश नीति, खुफिया और रक्षा से जुड़ी समितियों में काम करने वाले कई सीनेटरों के दफ्तरों से भी संपर्क किया था.

दूसरी बड़ी फर्म भी रही एक्टिव
पाकिस्तान की ओर से काम कर रही एक और बड़ी लॉबिंग कंपनी स्क्वायर पैटन बोग्स ने भी ऑपरेशन सिंदूर के दौरान कई अमेरिकी सांसदों से संपर्क किया था. इन सांसदों में कई ऐसे थे जो दक्षिण और मध्य एशिया से जुड़े मामलों की समिति में शामिल हैं. 

भारत पर लगाए आरोप
एक नोट में पाकिस्तान ने भारत पर अपने देश में आतंकवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया. पहलगाम हमले में किसी भी तरह की भूमिका से इनकार किया. साथ ही इसमें कहा गया कि पाकिस्तान कश्मीर मुद्दे पर अमेरिका की मध्यस्थता का स्वागत करेगा. नोट में यह भी लिखा गया कि अमेरिका ने पहले भी बड़े टकराव को टालने में भूमिका निभाई है.

अमेरिकी मीडिया तक पहुंच
लॉबिंग कंपनियों ने सिर्फ नेताओं तक ही नहीं, बल्कि अमेरिका के बड़े अखबारों जैसे न्यूयॉर्क टाइम्स और वॉल स्ट्रीट जर्नल के पत्रकारों से भी संपर्क किया था. ऑपरेशन सिंदूर के दौरान और उसके बाद मीडिया में पाकिस्तान की बात रखने की कोशिश भी की गई थी.

भारत से ज्यादा खर्च कर रहा पाकिस्तान
पिछले साल सामने आई रिपोर्ट की माने तो पाकिस्तान अमेरिका में लॉबिंग पर भारत से करीब तीन गुना ज्यादा खर्च कर रहा था. उस वक्त पाकिस्तान हर महीने करीब 6 लाख डॉलर छह अलग-अलग लॉबिंग कंपनियों पर खर्च कर रहा था. वहीं भारत ने सिर्फ दो कंपनियों पर करीब 2 लाख डॉलर प्रति माह खर्च किए थे.

यह भी पढ़ें: ख्याल अच्छा है…! पाक रक्षा मंत्री का जगहंसाई वाला बयान, बोले- अब पैसा ही पैसा होगा, IMF को कह देंगे बाय-बाय