Donald Trump on Mauritius-UK Chagos Islands Agreement: अमेरिकी राष्ट्रति डोनाल्ड ट्रंप इन दिनों मनमानी का खुला इजहार कर रहे हैं. वे न अपने विरोधी देख रहे हैं और न ही सहयोगी देश. अब उन्होंने अमेरिका के सबसे भरोसेमंद सहयोगी यूनाइटेड किंगडम को निशाने पर लिया है. उन्होंने हिंद महासागर में चागोस द्वीप समूह को मॉरीशस को सौंपने के लिए यूके की आलोचना की है. ट्रंप का कहना है कि ऐसा करके ब्रिटेन ने सबसे बड़ी मूर्खता का काम किया है. ऐसा करके उसने रूस-चीन को इस इलाके में सक्रिय होने का मौका दे दिया है. हैरत की बात ये है कि पहले ट्रंप ने इस समझौते का समर्थन किया था. वहीं अब उन्होंने इस मुद्दे पर एकदम से यूटर्न ले लिया है.
‘मॉरीशस को चागोस द्वीप समूह सौंपने का फैसला मूर्खता’
अपने सोशल प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर ट्रंप ने लिखा, ‘मॉरीशस को चागोस द्वीप समूह सौंपने का यूके का फैसला बड़ी बेवकूफी है. इससे अमेरिका के लिए सुरक्षा खतरा बढ़ा है. यह उन बड़ी वजहों में से एक है, जिसके चलते यूएस के लिए ग्रीनलैंड को हासिल करना जरूरी हो गया है.
‘चीन-रूस ने भांप ली यूके की कमजोरी’
यूनाटेड किंगडम पर भड़कते हुए ट्रंप ने लिखा, ‘हमारा नाटो का खास सहयोगी यूके डिएगो गार्सिया द्वीप को मॉरीशस को देने की योजना बना रहा है. इस जगह पर अमेरिका का सबसे खास सैन्य अड्डा है. इस फैसले से चीन और रूस ने यूके की कमजोरी भांप ली है.’
क्या है चागोस द्वीप समूह विवाद?
बताते चलें कि चागोस द्वीप समूह, मारीशस का ही हिस्सा है. जिस पर अब तक ब्रिटेन का कब्जा था. ब्रिटेन ने इस द्वीप समूह में आने वाले डिएगो गार्सियो को यूएस को दे रखा था. जिस पर उसने अपना सैन्य अड्डा बना रखा था. इस मुद्दे पर मॉरीशस और यूके के बीच कई सालों से विवाद चला आ रहा था.
मॉरीशस ने इस मुद्दे पर अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (ICJ) में केस दर्ज करवाकर यूके पर दबाव बना रखा था. घनिष्ठ सहयोगी होने के नाते भारत भी इस विवाद में मॉरीशस के दावे का समर्थन कर रहा था. ICJ ने 2019 में मॉरीशस के दावे को सही मानते हुए यह द्वीप समूह उसे वापस लौटाने का आदेश दिया था.
30 साल तक यूके के पास रहेगा डिएगो गार्सिया
अदालत के इस फैसले के बाद ब्रिटेन ने अपने पूर्व उपनिवेश चागोस द्वीप समूह को मॉरीशस को सौंपने का समझौता किया. हालांकि फैसले में प्रावधान किया गया है कि डिएगो गार्सिया नामक सबसे बड़ा द्वीप 30 साल तक यूके के पास ही बना रहेगा. इसके लिए यूके उसे किराये का भुगतान करेगा.
‘इंटरनेशनल गैंगस्टर’ की तरह धमकी दे रहे ट्रंप, ‘ग्रीनलैंड’ पर ब्रिटिश नेता ने अमेरिकी राष्ट्रपति को खूब सुनाया
बताते चलें कि वेनेजुएला पर हमला कर उसके राष्ट्रपति को जबरन उठा लाए जाने के बाद अब ट्रंप ग्रीनलैंड को लेकर जोर लगाए हुए हैं. उनका कहना है कि अमेरिकी सुरक्षा के लिए ग्रीनलैंड का यूएस के पास होना बहुत जरूरी है. ऐसा न होने पर रूस या चीन उस पर कब्जा कर लेंगे.
ग्रीनलैंड को लेकर धमकी दे रहे हैं ट्रंप
अपनी इस मंशा को पूरा करने के लिए ट्रंप लालच और धमकी दोनों का इस्तेमाल कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि डेनमार्क को ग्रीनलैंड यूएस को बेच देना चाहिए. ऐसा न करने पर अमेरिका बल प्रयोग पर भी विचार सकता है. उनकी इस धमकी से ब्रिटेन समेत यूरोपीय देश भड़के हुए हैं. उनका कहना है कि इस तरह के व्यवहार को किसी भी सूरत में सही नहीं ठहराया जा सकता है.
