News in Brief

Asaduddin Owaisi on Maharashtra Election News: देश के सबसे बड़े नगर निगम बृहनमुंबई महानगर पालिका (BMC) में शानदार जीत हासिल करने के बावजूद सत्ताधारी महायुति गठबंधन में तनाव भरी शांति है. सबसे ज्यादा (89 सीटें) हासिल करने के बावजूद बीजेपी मेयर बनाने के लिए जरूरी जादुई नंबर (114) से काफी दूर है. जबकि गठबंधन का हिस्सा होने के बावजूद टूट के डर से शिवसेना (शिंदे गुट) ने मेयर चुनाव होने तक अपने 29 पार्षदों को एक रिजॉर्ट में शिफ्ट कर दिया है. ऐसे में सबकी नजरें AIMIM पर टिक गई हैं. जिसने इस चुनाव में 8 सीटें हासिल की हैं. सवाल उठ रहा है कि क्या ओवैसी बीजेपी को पहली बार बीएमसी में अपना मेयर बनवाने में मदद कर सकते हैं. इस मुद्दे पर ओवैसी ने अपनी चुप्पी तोड़ी है. 

समुद्र के दो छोर कभी नहीं मिल सकते- ओवैसी

AIMIM अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, ‘यह संभव नहीं हो सकता. समुद्र के दो छोर कभी नहीं मिल सकते.’ महाराष्ट्र नगर निकाय चुनावों में प्रभावशाली प्रदर्शन के बाद मुसलमानों का बड़ा नेता बनने के सवाल पर ओवैसी ने कहा’नहीं, मैंने हमेशा कहा है कि मैं न तो मुसलमानों का नेता हूं और न ही बनना चाहता हूं. हमारी पार्टी का प्रयास है कि हम सैकड़ों नेताओं को तैयार करें. वही नेता भविष्य में नेतृत्व की भूमिका निभाएंगे.’

Add Zee News as a Preferred Source

महाराष्ट्र के सिविक बॉडी चुनावों में अपनी पार्टी को MNS और NCP-SC से ज्यादा सीटें मिलने पर AIMIM सुप्रीमो खुश दिखाई दिए. अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, ‘हम वहां कड़ी मेहनत कर रहे हैं. हम मीडिया और जनता के सामने एक सुसंगत संदेश देते हैं. वह जनता पर असर डालता है.’ 

मतदाताओं का कर रहे अपमान- ओवैसी

ओवैसी ने महाराष्ट्र चुनाव में संयोगवश सीटें जीतने के आरोप को गलत बताया. उन्होंने कहा, ‘यह गलत है. ऐसा कहना उन मतदाताओं का अपमान है जिन्होंने वोट डाले. जो लोग ऐसा कह रहे हैं, वे केवल अपनी घमंड के कारण ऐसा कर रहे हैं. वे कभी सुधार नहीं करेंगे और फिर हारेंगे.’ 

महाराष्ट्र नगर निकाय चुनावों में अपनी पार्टी के प्रदर्शन पर AIMIM सुप्रीमो ने संतुष्टि जताई. उन्होंने कहा, ‘हमने 25 सीटें जीती हैं. पहले हमने लगभग 75 सीटें जीती थीं. केवल जब आप जनता के दिल जीतते हैं, तभी यह आपकी जीत होती है. यदि आप जीत नहीं पाते, तो स्पष्ट है कि संबंधित पार्टी की ओर से कुछ कमियां हो सकती हैं. हम वर्षों से जमीन पर काम कर रहे हैं.’

शिंदे गुट की शर्त की वजह से अटकी बात

बताते चलें कि BMC में कुल कांग्रेस को 28, AIMIM को 8, MNS को 6 और समाजवादी पार्टी को 2 सीटें मिली हैं. जबकि NCP (अजित पवार गुट) को 3 और उनके चाचा शरद पवार की पार्टी NCP (SP) को 1 सीट से ही संतोष करना पड़ा है. 

ऐसे में BJP और शिवसेना (शिंदे गुट) के पास 118 सीटें हैं और वे आसानी से मिलकर मेयर बना सकती हैं. लेकिन शिंदे गुट की ओर से मेयर पद के लिए ढाई-ढाई साल का कार्यकाल तय किए जाने की शर्त की वजह से बात अटक गई है.