News in Brief

Assam Elections 2026: असम विधानसभा चुनावों को लेकर सभी दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं. इस बीच मुस्लिम हितों की बात करने वाली पार्टी एआईयूडीएफ ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है. आगामी चुनावों में कांग्रेस पार्टी के साथ गठबंधन को लेकर AIUDF के जनरल सेक्रेटरी और विधायक रफीकुल इस्लाम (AIUDF leader Rafiqul Islam) ने कहा, ‘अगर कांग्रेस (INC), बीजेपी (BJP) को कड़ी टक्कर देना चाहती थी, तो उन्हें विपक्षी पार्टियों के साथ मजबूत गठबंधन करना चाहिए था, लेकिन हम उनकी फितरत जानते हैं. वो गठबंधन के उसूलों पर खरे नहीं उतरते’.

हम चाहते तो बीजेपी को हरा देते, कांग्रेस की नीयत ठीक नहीं: AIUDF

एआईयूडीएफ के नेता ने ये भी कहा, ‘अगर कांग्रेस और एआईयूडीएफ दोनों साथ मिलकर काम करते तो हम बीजेपी को हरा सकते थे. कांग्रेस की विचारधारा अलग है और वे अकेले ही जीतना चाहते हैं. हम उनसे और क्या उम्मीद कर सकते हैं.’

चुनाव आयोग पर भी बरसे रफीकुल इस्लाम

इससे पहले रफीकुल इस्लाम ने SIR को लेकर गंभीर सवाल खड़े करते हुए कहा था एसआईआर की पारदर्शिता की कमी है. चुनाव आयोग अपनी जिम्मेदारी से पीछे हटता दिख रहा है. चुनाव आयुक्त पर गंभीर इल्जाम लगने के बावजूद उन्होंने कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया, जबकि यह उनकी संवैधानिक जिम्मेदारी है कि मतदाताओं के अधिकार की रक्षा करें.

Add Zee News as a Preferred Source

असम विधानसभा की वर्तमान स्थिति और जीत का गुणा-गणित

असम में विधानसभा की 126 सीटें हैं. विधानसभा के लिए अगले वर्ष मार्च-अप्रैल में चुनाव होने की संभावना है. बीजेपी असम में लगातार जीत का हैट्रिक लगाने का लक्ष्य लेकर काम कर रही है. अभी BJP-NDA के पास 84 सीटें हैं और पार्टी अब 100+ सीटों का टारगेट लेकर चल रही है. 

ये भी पढ़ें– महान देश खामोशी से नहीं बनते…’, राहुल गांधी का सरकार और सिस्टम पर तीखा हमला

परिसीमन के बाद राज्य में बीजेपी की सकल चुनावी तैयारियों की बात करें तो असम की कुल 126 सीटों में से जनसांख्यिकीय पैटर्न हिंदू-असमिया बहुल क्षेत्र के आधार पर बीजेपी और उसकी सहयोगी AGP, UPPL, BPF 103 सीटों पर मजबूत दिख रही हैं. बाकी 23 मुस्लिम-बहुल सीटों पहले 30 थीं, अब घटीं हैं लेकिन बीजेपी और एनडीए के लिए चुनौती है, बीजेपी 6 ऐसी सीटों को टारगेट कर रही है जहां वो कमजोर है.

असम में बीजेपी को हराने के लिए 8 दलों के साथ आने की बात कही जा है. असम कांग्रेस के अध्यक्ष गौरव गौगोई ने कहा था कि आठ पार्टियां जिनमें कांग्रेस, मार्क्सवादी कम्यूनिस्ट पार्टी, रायजोर दल, असम जातीय परिषद, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन, जातीय दल-असोम (JDA) और कार्बी आंगलोंग स्थित ऑल पार्टी हिल लीडर्स कॉन्फ्रेंस (APHLC) शामिल है. कांग्रेस यहां अपना दस साल का सियासी सूखा खत्म करना चाहती है.