News in Brief

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में अभी करीब 8 महीने का समय बाकी है, लेकिन कांग्रेस पार्टी ने अपने करीब 46 नेताओं को सियासी रण में उतरने के लिए कह दिया है. साल 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के खाते में सिर्फ 7 सीटें आई थीं, इनमें  रायबरेली से चुने गए पार्टी के दो विधायक अदिती सिंह और राकेश सिंह बागी हो गए हैं. 

प्रियंका गांधी के नेतृत्व में 2022 की तैयारी में जुटी कांग्रेस
इस तरह से विधानसभा के अंदर पार्टी की आवाज उठाने वाले सिर्फ 5 सदस्य ही हैं. फिर भी कांग्रेस पार्टी प्रियंका गांधी के नेतृत्व में 2022 के चुनाव में पूरे दमखम के साथ उतरने की तैयारी में है. पार्टी सूत्रों के मुताबिक वाराणसी के पिंडरा विधानसभा क्षेत्र से अजय राय को तैयारी करने के लिए कहा गया है. 

इसी तरह से इलाहाबाद उत्तरी सीट से अनुग्रह नारायण सिंह को जोर-आजमाइश करने के लिए बोला गया है. महाराजगंज की फरेंदा सीट से वीरेंद्र चौधरी और शामली से पंकज मलिक को हरी झंडी दे दी गई है. मुजफ्फरनगर की पुरकाजी सीट से दीपक कुमार को सिग्नल मिला है.

अदिति और राकेश की जगह मजबूत उम्मीदवारों की तलाश
सहारनपुर, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, चमरौआ व बिलासपुर (रामपुर) और फतेहपुर समेत काफी सीटों पर भी संबंधित नेताओं को चुनावी तैयारी में लग जाने का इशारा कर दिया गया है. रायबरेली के बागी विधायक राकेश सिंह और अदिति सिंह के स्थान पर मजबूत उम्मीदवारों की तलाश पार्टी कर रही है.  

बाकी पांच विधायक अपनी सीटों से फिर चुनाव लड़ सकते हैं
कांग्रेस से जुड़े सूत्रों की मानें तो हाईकमान ने अपनी इस रणनीति को सार्वजनिक नहीं करने का निर्देश पार्टी नेताओं को दिया है. इसलिए कोई भी नेता इस संबंध में आधिकारिक बयान नहीं दे रहा है. नेताओं को उनके क्षेत्रों के नाम भी बता दिए गए हैं, साथ ही कहा गया है कि वे फील्ड में जाकर पूरी तैयारी से जुटें. शेष पांचों विधायक अपनी-अपनी सीटों से पर पुन: भाग्य आजमाएंगे. 

WATCH LIVE TV