
Patna: बिहार में कोरोना की दूसरी लहर लगातार अपना असर दिखा रही है. ऐसे में बिहार सरकार संक्रमण की चेन को तोड़ने का हर संभव प्रयास कर रही है. इसी क्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्द्धन के साथ बुधवार को हुई वर्चुअल मीटिंग में मंगल पांडेय ने बिहार में ऑक्सीजन कोटा को बढ़ाने के लिए आग्रह किया है.
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा है कि ‘राज्य सरकार केंद्र सरकार के सहयोग एवं स्वयं के संसाधनों से कोरोना मरीजों को बेहतर उपचार देने के लिए लगातार संसाधनों में बढ़ोतरी कर रहा है. बुधवार को भी हमने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्द्धन के साथ हुई वर्चुअल बैठक में राज्य को आवंटित 214 एमटी ऑक्सीजन के कोटा को बढ़ाने का आग्रह किया. साथ ही ‘डी’ एवं ‘बी’ टाइप ऑक्सीजन सिलेंडर, ऑक्सीजन फ्लोमीटर, ऑक्सीजन मास्क, आदि की मांग भारत सरकार से की.’
वहीं, बिहार में दवा, उपकरण, ऑक्सीजन और अन्य जरूरी सामग्री राज्य को उपलब्ध कराने के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्द्धन का राज्य की ओर से आभार व्यक्त किया. इस पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने बिहार राज्य को हरसंभव मदद का भरोसा दिया.
मंगल पांडेय ने कहा कि ‘बुधवार को फिर केंद्र से पांच लीटर का 92 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर मिला है. वहीं पूर्व में राज्य के विभिन्न अस्पतालों एवं जिला स्वास्थ्य समिति को पांच लीटर का 2,430 और 10 लीटर का 1,500 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर भेजा गया है. राज्य के विभिन्न मेडिकल कॉलेज सह अस्पतालों एवं जिला अस्पतालों में लगभग 909 बाइपैप मशीन बीते महीने में उपलब्ध कराए गए हैं. बुधवार को 18 साल से उपर वाले लोगों के लिए और छह लाख 14 हजार वैक्सीन की डोज पटना पहुंची है. इसमें पांच लाख कोविशील्ड और एक लाख 14 हजार कोवैक्सीन शामिल हैं.’
पांडेय ने आगे कहा कि ‘सरकार के प्रयासों और लोगों के सहयोग व जागरूकता से स्वास्थ्य विभाग कोरोना को मात देने की दिशा में सफल हो रहा है. इस कारण एक ओर राज्य में जहां संक्रमण दर कम हो रहा है, तो वहीं रिकवरी रेट में भी लगातार इजाफा हो रहा है. पांच दिनों से राज्य में कोरोना के जो आंकड़े आए हैं, वह राज्य के लिए सुखद संदेश है.’
मंगल पांडेय ने राज्यवासियों से अपील कर कहा कि वे लॉकडाउन के दिशा-निर्देशों का पालन अवश्य करें ताकि कोरोना को भगाने में सरकार को सफलता मिल सके. साथ ही सही समय पर कोरोना टीके की दूसरी डोज भी लें, ताकि शरीर में कोरोना से लड़ने के लिए एंटीबॉडी बन सके.
बता दें कि राज्य में लगातार कोरोना संक्रमण की पॉजिटिव रिपोर्ट में कमी आ रही है. बुधवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्य में संक्रमण के पॉजिटिव मरीजों का रेट लगभग 9 फीसदी पर आ गया है.
