
Ranchi: टाटा स्टील (Tata Steel) ने कार्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत तीन हजार ऑक्सीजन सिलेंडर संयुक्त अरब अमीरात से आयात कर झारखंड सरकार को प्रदान किये हैं. इसके अलावा एक सप्ताह में दो हजार अतिरिक्त ऑक्सीजन सिलेंडर आयात होकर झारखंड पहुंच जाएंगे जिनका उपयोग विभिन्न अस्पतालों में किया जायेगा.
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (CM Hemant Soren) के कार्यालय की तरफ से ट्विटर पर बताया गया कि मुख्यमंत्री की पहल पर टाटा स्टील द्वारा सीएसआर के तहत संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से 3000 ऑक्सीजन सिलेंडर आयात किए गए हैं, जो राज्य में संक्रमण के संकट से निपटने के प्रयासों में सहायक होगा.
इसमें बताया गया कि एक सप्ताह में और 2000 सिलेंडर यूएई से आ जाएंगे. इसके बाद राज्य सरकार सभी 5000 सिलेंडरों को जरूरतमंदों के उपयोग हेतु विभिन्न अस्पतालों को सौंपेगी.
ये भी पढ़ें- बगहा: सरपंच की अनोखी पहल, वैक्सीन के लिए डुगडुगी बजाकर लोगों को कर रहे हैं जागरूक
मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से बताया गया कि कोरोना के खिलाफ चल रही जंग में राज्य सरकार को सहयोग करने के लिए विभिन्न संगठन, संस्थान और राज्यवासी लगातार सामने आ रहे हैं. इस सिलसिले में आज मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को डीपीएस, बोकारो के 1992 बैच के विद्यार्थियों ने एक हजार पल्स ऑक्सीमीटर प्रदान किये. मुख्यमंत्री ने डीपीएस बोकारो के पूर्व विद्यार्थियों को इस सहयोग के लिए शुक्रिया अदा किया.
इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना से बचाव और संक्रमितों के बेहतर इलाज के लिए राज्य सरकार कृत संकल्पित है और इसमें आपका सहयोग खास मायने रखता है. इस मौके पर डीपीएस बोकारो के 1992 बैच के विद्यार्थी और वर्तमान में नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव विनय कुमार चौबे भी मौजूद थे.
इससे पूर्व हेमंत सोरेन ने बृहस्पतिवार को कहा था कि पूरे देश के साथ झारखंड भी कोरोना महामारी की भयावह दूसरी लहर से अपने सीमित संसाधनों के साथ जूझ रहा है ऐसे में राज्य में कार्यरत विभिन्न कंपनियां अपने कार्य क्षेत्र में 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग के लोगों के टीकाकरण में मदद करें.
