
रायपुरः कोरोना की दूसरी लहर ने छत्तीसगढ़ में भी काफी संकट पैदा कर दिया था लेकिन अब राज्य में हालात तेजी से बेहतर हो रहे हैं. एक मई से राज्य में कोरोना मरीजों की संख्या में गिरावट आ रही है. इसके अलावा पॉजिटिविटी रेट भी कम हुआ है. बीते 12 दिनों में राज्य में कोरोना की पॉजिटिविटी दर 26 फीसदी से घटकर 14 फीसदी पर आ गई है.
टेस्टिंग में बनाया रिकॉर्ड
छत्तीसगढ़ ने कोरोना जांच के मामले में भी अपनी क्षमता में जबरदस्त इजाफा किया है. बता दें कि 12 मई को राज्य में एक दिन में ही कोरोना की 71 हजार से ज्यादा कोरोना की जांच की गई. इसके अलावा राज्य में अस्पतालों में बेड की उपलब्धता और ऑक्सीजन सप्लाई भी पहले से बेहतर हुई है.
बता दें छत्तीसगढ़ में एक मई को कोरोना के कुल 15905 नए मामले सामने आए थे. लेकिन अब 12 मई को यह आंकड़ा घटकर 10150 पर आ गया है. इसी तरह एक मई को राज्य में कोरोना से 229 मरीजों की मौत हुई थी, जो कि अब घटकर 150 पर आ गई है.
राज्य में इतने बेड खाली
बीते दिनों जब कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ रहे थे तो राज्य के अस्पतालों में बेड नहीं मिल रहे थे. लेकिन अब 12 मई को राज्य में 318 वेंटिलेटर बेड, 852 आईसीयू बेड, 750 एचडीयू बेड, , 6364 ऑक्सीजन बेड और 11883 अन्य बेड खाली हैं. राज्य में ऑक्सीजन की कमी नहीं हुई. इसके बाद भी राज्य सरकार ने अपनी सुविधाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ाया है.
टीकाकरण पर सरकार का जोर
राज्य सरकार टीकाकरण पर भी जोर दे रही है. सीएम भूपेश बघेल ने राज्य में CGTeeka वेब पोर्टल की शुरुआत की है. इस पोर्टल की मदद से बीपीएल, अंत्योदय और कमजोर वर्ग के लोग, जिनके पास मोबाइल फोन नहीं है, वह टीकाकरण के लिए अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं. राज्य में की सभी 13 नगर पालिकाओं में 24 घंटे रैपिड एंटीजन टेस्ट की सुविधा दी जा रही है.
बैकुंठपुर में एक नई वायरोलॉजी लैब शुरू हो गई है, जहां कोरोना के आरटी पीसीआर टेस्ट की सुविधा मिलेगी. इसके साथ ही छत्तीसगढ़ में आरटी-पीसीआर की सुविधा वाली 10 सरकारी लैब हो गई हैं. इन लैब से ना सिर्फ राज्य की टेस्टिंग क्षमता बढ़ेगी बल्कि लोगों को रिपोर्ट भी जल्द मिल सकेगी.
